प्रदूषण की मार, योगी सरकार भी ऑड-ईवन योजना लागू करने की तैयारी में

0

पर्यावरण मंत्री बोले, परिवहन और पुलिस विभाग को दी है योजना लागू करने की जिम्मेदारी



लखनऊ, 04 नवम्बर (हि.स.)। प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री दारा सिंह चौहान ने सोमवार को वायु प्रदूषण कम करने के लिए दिल्ली के बाद अब उत्तर प्रदेश में भी ऑड-ईवेन योजना लागू करने के संकेत दिये हैं। उन्होंने बताया कि प्रदूषण की मार झेल रहे उप्र में भी ऑड ईवेन फार्मूला लागू करने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से चर्चा हो चुकी है। योजना लागू करने की जिम्मेदारी परिवहन और पुलिस विभाग को सौंपी गयी है।
पर्यावरण मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए तत्परता से काम कर रही है। यदि एक अथवा दो दिन में स्थिति में सुधार नहीं होगा तो उप्र में भी ऑड ईवेन योजना लागू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस महानिदेशक को भी पूरे तरीके से ऑड-ईवन लागू कराने के लिए कहा गया है। दारा सिंह चौहान ने यह भी बताया कि इसे कब से लागू करना है, इस पर अंतिम फैसला पुलिस को ही करना है। यूपी के कई शहरों, खासतौर से नोएडा, गाजियाबाद में प्रदूषण की स्थिति बहुत ही खराब है।
पिछले कई दिनों से उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में वायु प्रदूषण की स्थिति बड़ी ही भयावह हो गयी है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित, कानपुर, वाराणसी, नोएडा, गाजियाबाद  और दिल्ली के करीब स्थित शहरों में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। एअर क्वालिटी इंडेक्स में तेजी से हो रहे इजाफे के चलते पश्चिम उत्तर प्रदेश के कई जिलों में स्कूल भी पांच नवम्बर तक के लिए बंद कर दिये गये हैं।
क्या होता है ऑड-ईवन नंबर
मैथ्स की भाषा में 1,3,5,7 औऱ 9 को ऑड नंबर कहते हैं। इसी तरह 2,4,6,8 और 0 को ईवन नंबर कहा जाता है।
क्या है ऑड-ईवन फॉर्मूला
अगर आपकी गाड़ी की नंबर प्लेट का आखिरी नंबर ऑड (1,3,5,7,9) है तो आप महीने की 3, 5, 7, 9, 11,13 और 15 तारीख को ही गाड़ी चला पाएंगे क्योंकि इन तारीखों में ऑड नंबर की गाड़ियां चलेंगी। इसी तरह अगर आपकी गाड़ी का आखिरी नंबर ईवन (2,4,6,8,0) है तो आप महीने की 4, 6, 8, 10, 12 और 14 तारीख को ही गाड़ी निकाल पाएंगे, क्योंकि इन तारीखों में ईवन नंबर की गाड़ियां चलेंगी। प्रदूषण पर नियंत्रण रखने की कवायद में दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने वर्ष 2016 में पहली बार ऑड ईवेन फार्मूला लागू किया था। दिल्ली की सरकार ने सोमवार को फिर से 15 दिन के लिए इस योजना को प्रारम्भ कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *