कोलकाता : रोकती रह गई पुलिस रविंद्र सरोवर में घुस गए लोग, हुई छठ पूजा

0

प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए रविंद्र सरोवर की ऐतिहासिकता को बचाए रखने के लिए 2017 में राष्ट्रीय हरित न्यायालय ने आदेश दिया था कि रविंद्र सरोवर पर छठ पूजा नहीं होनी चाहिए।



कोलकाता, 02 नवम्बर (हि.स.)। राजधानी कोलकाता के ऐतिहासिक रविंद्र सरोवर पर छठ पूजा नहीं करने के अदालती निर्देश को दरकिनार कर बड़ी संख्या में व्रतियों ने यहां शनिवार शाम सूर्य को पहला अर्घ्य दिया है।
प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए रविंद्र सरोवर की ऐतिहासिकता को बचाए रखने के लिए 2017 में राष्ट्रीय हरित न्यायालय ने आदेश दिया था कि रविंद्र सरोवर पर छठ पूजा नहीं होनी चाहिए। 2018 में पुलिस इसे रोक नहीं पाई थी और इस बार यहां छठ पूजा रोकने के लिए पहले से ही पुलिस ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी थी। सरोवर के सभी 15 गेट पर ताले लगा दिए गए थे लेकिन शनिवार सुबह के समय छठ व्रती लोग पहुंचे और ताला तोड़ दिया। पुलिस रोकती रह गई लेकिन लोग सरोवर परिसर में घुस गए। शाम के समय लोग हाथ में केले का घवद (गुच्छा), सिर पर छठ पूजा के लिए फल ठेकुआ और अन्य सामानों से सजे दउरा (टोकरी) आदि लेकर सरोवर के गेट पर जा पहुंचे। पुलिस लाख समझाती रही लेकिन लोग नहीं माने। चूंकि बात आस्था की थी इसलिए प्रशासन ने सख्ती नहीं बरती और लोग रविंद्र सरोवर परिसर के अंदर घुस गए। वहां पूजा हुई है। हालात को संभालने के लिए प्रशासन के साथ पर्यावरणविद भी रविंद्र सरोवर के पास मौजूद थे लेकिन लोगों ने किसी की एक नहीं सुनी और सरोवर में छठ पूजा की गई है। इधर सरोवर परिसर के बाहर प्रत्येक गेट पर पुलिस की टीम तैनात थी लेकिन छठ पूजा को नहीं रोका जा सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *