दिल्ली प्रदूषण पर बोले बांग्लादेशी कोच- परिस्थितियां दोनों टीमों के लिए हैं

0

कोई बीमार नहीं है और न ही कोई मर रहा है। हम ऐसे मौसम में मैदान पर छह या सात घंटे से अधिक नहीं रहना चाहते।



नई दिल्ली, 01 नवम्बर (हि.स.)। राजधानी दिल्ली में इस समय प्रदूषण का स्तर अपने चरम पर है और इसी माहौल में तीन नवम्बर को यहां के अरुण जेटली स्टेडियम में भारत और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की टी-20 श्रृंखला का पहला मैच खेला जाना है। दिल्ली की इस हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए बांग्लादेशी कोच रसेल डोमिंगो ने कहा कि यहां की परिस्थितियां अनुकुल नहीं हैं,हालांकि उन्होंने कहा कि यह दोनों टीमों के लिए है।

उन्होंने कहा कि मौसम अच्छा है, न ज्यादा गर्मी है और न ज्यादा हवा चल रही है, लेकिन धुंध एक चिंता का विषय जरूर है। ऐसा दोनों टीमों के लिए है, यह आदर्श स्थिति नहीं है, लेकिन हम इसकी शिकायत नहीं कर रहे हैं और हमें इसका सामना करना ही होगा।

यहां अभ्यास सत्र के दौरान पत्रकारों से बातचीत में डोमिंगो ने कहा कि टीम के कुछ खिलाड़ियों को आंखों और गले में तकलीफ हुई है, लेकिन यह ठीक है। कोई बीमार नहीं है और न ही कोई मर रहा है। हम ऐसे मौसम में मैदान पर छह या सात घंटे से अधिक नहीं रहना चाहते। हम तीन घंटे का मैच खेल रहे हैं और तीन घंटे अभ्यास सत्र।

श्रृंखला के शुरूआत से पहले शाकिब अल हसन का इस दौरे से हटना और उनपर दो साल का प्रतिबंध लगना बांग्लादेशी टीम के लिए एक करारा झटका है, इसपर डोमिंगो ने कहा कि हमारे लिए पिछले कुछ सप्ताह कठिन रहे हैं। लेकिन कभी-कभी इस तरह की चीजें खिलाड़ियों को प्रेरित कर जाती हैं। हर किसी को शाकिब की कमी खलेगी। वह एक बेहतर क्रिकेटर हैं और एक वर्ल्ड क्लास ऑलरांडर हैं। सभी खिलाड़ी उन्हें आदर्श मानते हैं इसलिए उनको खोना हमारे लिए बड़ी क्षति है। लेकिन उन्होंने एक गलती की जिसका उस खामियाजा भुगत रहे हैं। जाहिर तौर पर उनका जाना टीम के प्रदर्शन पर प्रभाव डालेगा, लेकिन कोच के तौर पर हमारा काम टीम को विश्व कप के लिए तैयार करना है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *