असम : वायु सेना के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग

0

कामरूप (असम), 29 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के हाजो सराईबाड़ी इलाके में मंगलवार की सुबह वायु सेना के एक हेलीकाप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। गांव के खाली मैदान में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।

सूचना पर पहुंचे पुलिस बल ने ग्रामीणों को हेलीकॉप्टर से दूर हटाया। बताया गया है कि वायु सेना के जेडए 140 नंबर के हेलीकॉप्टर में यांत्रिक गड़बड़ी आने के चलते आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। किस तरह की गड़बड़ी हेलीकॉप्टर में हुई थी, इस बारे में पता नहीं चल सका है।

हेलीकॉप्टर संभवतः गुवाहाटी वायु सेना अड्डे से उड़ान भरा था, लेकिन वह कहां जा रहा था, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। बताया गया है कि वायु सेना का तकनीकी दस्ता थोड़ी ही देर में मौके पर पहुंच गया। मरम्मत के बाद हेलीकाप्टर फिर से उड़ गया। इस घटना में दोनों पायलटों को किसी भी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है। दावा किया गया है कि दोनों पायलटों की सूझबूझ से समय रहते ही हेलीकॉप्टर को जमीन पर उतार लिया गया, जिसकी वजह से बड़ा हादसा टल गया।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *