महाराष्ट्र की 288 सीटों में से 169 के नतीजे घोषित, भाजपा-शिवसेना गठबंधन 95, कांग्रेस-राकांपा गठबंधन 63 सीटों पर विजयी

0

पंकजा मुंडे समेत पांच मंत्री हारे – राकांपा के अजित पवार रिकॉर्ड मतों से जीते, भाजपा उम्मीदवार को 1.65 लाख मतों से हराया – शिवसेना के आदित्य ठाकरे विजयी, राकांपा उम्मीदवार को दी शिकस्त  



मुंबई , 24 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है। कुल 288 सीटों में से अब तक 169 सीटों के नतीजे घोषित किए जा चुके हैं। भाजपा-शिवसेना गठबंधन 95 सीटें जीत चुका है, जबकि 59 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। कांग्रेस-राकांपा गठबंधन अब तक 63 सीटों पर जीत दर्ज कर चुका है, जबकि 48 सीटों पर आगे है। अन्य दलों व निर्दलीयों ने अब तक 11 सीटें जीती हैं।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नागपुर दक्षिण-पश्चिम से चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. आशीष देशमुख को 36 हजार से अधिक मतों से पराजित किया। शिवसेना उम्मीदवार आदित्य ठाकरे मुंबई की वर्ली सीट से चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने राकांपा उम्मीदवार सुरेश माने को 67,427 मतों से हराया।

फडणवीस सरकार के पांच मंत्री चुनाव हारे हैं। भाजपा उम्मीदवार एवं राज्य की महिला एवं बाल कल्याण मंत्री पंकजा मुंडे परली सीट से चुनाव हार गयी हैं। उनको राकांपा उम्मीदवार एवं विधानपरिषद में नेता प्रतिपक्ष धनंजय मुंडे ने 30 हजार से अधिक मतों से पराजित किया। फडणवीस सरकार के जो पांच मंत्री चुनाव हारे हैं उनमें पंकजा मुंडे, राम शिंदे, विजय शिवतारे, अर्जुन खोतकर व बाला भेगड़े शामिल हैं। विधानसभा उपाध्यक्ष विजयकुमार औटी भी चुनाव हार गए हैं।
कोथरूड सीट पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील भी चुनाव जीत गए हैं। पाटील को 54.07 प्रतिशत मत मिले। उन्होंने मनसे उम्मीदवार किशोर नाना शिंदे को 25 हजार से ज्यादा मतों से हराया। पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राकांपा उम्मीदवार अजित पवार बारामती सीट से चुनाव जीत गए हैं। उनको कुल 83.24 प्रतिशत मत मिले। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार गोपीचंद कुंडलीक पडलकर को 165,265 मतों से पराजित किया।
पिछली बार भाजपा-शिवसेना अलग-अलग लड़ी थीं। इस बार दोनों का गठबंधन है। वर्ष 2014 के चुनाव में भाजपा 122 और शिवसेना 63 सीटें जीती थीं।
परली सीट से धनंजय जीते
बीड़ जिले की परली विधानसभा सीट से राज्य सरकार की महिला एवं बाल कल्याण मंत्री पंकजा मुंडे चुनाव हार गयी हैं। पंकजा को उनके चचेरे भाई राकांपा उम्मीदवार धनंजय मुंडे ने करीब 30 हजार से ज्यादा मतों से पराजित किया। धनंजय राज्य विधानपरिषद में नेता प्रतिपक्ष भी हैं। धनंजय को 1,22,114 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी पंकजा को 91,413 मत से ही संतोष करना पड़ा। पंकजा भाजपा के कद्दावर नेता दिवंगत गोपीनाथ मुंडे की बेटी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *