छत्तीसगढ़ में 28 नक्सलियों ने किया सरेंडर ,चार पर था इनाम

0

वोटिंग से एक दिन पहले 28 नक्सलियों का सरेंडर करना दंतेवाड़ा पुलिस के लिए एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।



जगदलपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.) । राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर 28 नक्सलियों ने रविवार को दंतेवाड़ा जिला पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया। इनमें एक नक्सली पर दो लाख रुपये और तीन पर एक-एक लाख का इनाम था। चित्रकोट विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए सोमवार को वोटिंग होगी। वोटिंग से एक दिन पहले 28 नक्सलियों का सरेंडर करना दंतेवाड़ा पुलिस के लिए एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
बस्तर रेंज के आईजी विवेकानंद सिन्हा एवं एसपी अभिषेक पल्लव ने संयुक्त रूप से बताया कि सरेंडर करने वाले नक्सलियों ने मडगांव और मड्डा इलाके में तीन दिन पूर्व एक नक्सली के सरेंडर किए जाने से प्रभावित होकर पुलिस के समक्ष सरेंडर करने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद रविवार को कटेकल्याण इलाके के चिंगपाल कैम्प में इन नक्सलियों ने एक साथ पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में सरेंडर कर दिया। ये नक्सली इलाके में विभिन्न हमलों में शामिल होकर शासन प्रशासन सहित सरकारी मशीनरी को नुकसान पहुंचाने का काम किया करते थे। इन नक्सलियों के खिलाफ कई मामले दर्ज थे। सरेंडर करने वाले नक्सलियों के मुख्यधारा में जुड़ने से नक्सली संगठन को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
अधिकारियों ने बताया कि लगातार शासन की विभिन्न योजनाओं से प्रभावित होकर नक्सली मुख्यधारा में लौट रहे हैं। यह सबसे बड़ी कामयाबी है। हमारा प्रयास लगातार अंदरूनी इलाकों में संगठन के लिए काम करने वाले नक्सलियों को मुख्यधारा में जोड़ना है। हम लगभग इस अभियान में पूरी तरह सफलता की ओर हैं। सरेंडर करने वाले नक्सली विभिन्न वारदातों में शामिल रहे हैं। सरेंडर करने वाले नक्सलियों को शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित किया जाएगा। इन नक्सलियों को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गयी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *