एयरटेल दिल्ली हाफ मैराथन : बेलिहू ने पुरुष और गेमेचु ने महिला वर्ग का खिताब जीता

0

बेलिहू ने 59 मिनट और 10 सेकेंड में रेस पूरी कर खिताब अपने नाम किया, हालांकि वह चार सेकेंड से कोर्स रिकार्ड को तोड़ने से चूक गए।



नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (हि.स.)। गतविजेता इथोपिया के एनडामलाक बेलिहू ने अपने खिताब की रक्षा करते हुए रविवार को यहां आयोजित दिल्ली हाफ मैराथन में पुरुष वर्ग का खिताब जीत लिया है। वहीं महिला वर्ग में इथोपिया की ही सेहाय गेमेचु ने खिताब अपने नाम किया। गेमेचु पिछले वर्ष भी महिला वर्ग की विजेता रहीं थीं।

बेलिहू ने 59 मिनट और 10 सेकेंड में रेस पूरी कर खिताब अपने नाम किया, हालांकि वह चार सेकेंड से कोर्स रिकार्ड को तोड़ने से चूक गए। कोर्स रिकार्ड इथोपिया के ही गुये एडोला के नाम है जिन्होंने 2014 में इसे स्थापित किया था।

दूसरे स्थान पर सोलोमन बेरिहू रहे। बेरिहू ने 59 मिनट 17 सेकेंड के समय के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, केन्या के किबिवोट कैंडी ने 59 मिनट 33 सेकंड के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

महिला वर्ग में सेहाय  ने कोर्स रिकार्ड तोड़ने के साथ ही अपने खिताब का बचाव किया। सेहाय ने एक घंटे 6 मिनट के समय के साथ खिताब पर कब्जा किया।  दूसरे स्थान पर सेहाय की हमवतन येलामजेरे येहुआलाव रहीं जिन्होंने एक घंटे 6 मिनट एक सेकेंड में रेस पूरी की। तीसरा स्थान जेइनेबा यिमेर रहीं। उन्होंने एक घंटे 6 मिनट 57 सेकेंड का समय निकाला।

इससे पहले आज सुबह केन्द्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू ने  जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से एयरटेल दिल्ली हाफ मैराथन  का शुभारंभ किया। मैराथन में भाग लेने वाले लोग जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम व जयसिंह रोड पर एकत्रित हुए, जहां  केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने फायर कर मैराथन की शुरुआत की। आईएएएफ की गोल्ड लेवल की इस मैराथन में कुल 40,000 से ज्यादा प्रतिभागियों ने अलग-अलग रेसों में हिस्सा लिया।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *