बीएसएफ जवानों पर बीजीबी ने की फायरिंग, हेड कॉन्स्टेबल शहीद

0

भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर 50 सालों में हुई दूसरी बार फायरिंग- फ्लैग मीटिंग के लिए बहाने पद्मा नदी के किनारे बुलाकर बीजीबी ने चलाई गोली



कोलकाता, 17 अक्टूबर (हि.स.)। भारत-बांग्लादेश की सीमा पर 50 साल के इतिहास में गुरुवार को दूसरी बार गोली चली है जिसमें बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया है। ऐसा तब हुआ है जब दो नवम्बर से कोलकाता में प्रस्तावित भारत-बांग्लादेश टेस्ट मैच देखने के लिए बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आने वाले हैं। बांग्लादेश सीमा पर तैनात बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के जवानों ने उस समय फायरिंग की जब बीएसएफ के पांच अधिकारियों को फ्लैग मीटिंग के लिए बुलाया गया था। इसमें बीएसएफ का एक हेड कांस्टेबल शहीद हो गया जबकि  दूसरा कॉन्स्टेबल गोली लगने से घायल है।
बीएसएफ के दक्षिण बंगाल प्रवक्ता अजय कुमार ने ‘हिन्दुस्थान समाचार’ को बताया कि इसके पहले 2001 में भी इसी तरह से बांग्लादेश की सेना ने गोली चलाई थी। उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह के समय मुर्शिदाबाद जिले के बहरमपुर सेक्टर के काकमरिचर बॉर्डर आउटपोस्ट के पास यह फायरिंग हुई है। दरअसल भारत-बांग्लादेश की सीमा से गुजरने वाली पद्मा नदी में दोनों ही देशों के मछुआरे मछली पकड़ते हैं। गुरुवार को तीन भारतीय मछुआरे मछली पकड़ने के लिए गए हुए थे। इनमें से दो वापस लौटे और बीएसएफ से संपर्क कर बताया कि उनके एक साथी को बांग्लादेश की सेना ने पकड़ लिया है और बीएसएफ के अधिकारियों को फ्लैग मीटिंग के लिए बुलाया है।
उन्होंने बताया कि मछुआरों से यह सूचना मिलने के तत्काल बाद बीएसएफ ने आधिकारिक चैनल का इस्तेमाल करते हुए बांग्लादेश सेना के अधिकारियों से संपर्क किया। उनके बुलावे पर बीएसएफ के पांच अधिकारी फ्लैग मीटिंग के लिए पद्मा नदी के बाउंड्री पिलर संख्या 75/7-एस के पास पहुंचे जहां बीजीबी के अधिकारियों के साथ बैठक होनी थी लेकिन साजिशन बीएसएफ के अधिकारियों को घेरने की कोशिश की जाने लगी। हालात भांपने के बाद बीएसएफ के जवान वापस लौटने लगे, तभी बीजीबी के जवानों ने फायरिंग कर दी। एक गोली हेड कॉन्स्टेबल विजय भान सिंह के सिर में जबकि दूसरी गोली एक अन्य कॉन्स्टेबल को लगी। बीएसएफ के जवानों ने इन दोनों को तुरंत वहां से सुरक्षित बाहर निकाला और मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए जहां इलाज के दौरान हेड कॉन्स्टेबल विजय भान सिंह ने दम तोड़ दिया जबकि दूसरे जवान का इलाज चल रहा है। सूचना मिलने के बाद बीएसएफ के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। हेड कॉन्स्टेबल विजय भान सिंह उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के थाना मक्खनपुर के गांव चमरौली के रहने वाले थे। हेड कॉन्स्टेबल के परिजनों को विजय भान सिंह के शहीद होने की सूचना दे दी गई है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *