उत्तर प्रदेश उप चुनाव: आपराधिक छवि वाले पांच उम्मीदवारों को बसपा ने दिए टिकट

0

एडीआर रिपोर्ट के अनुसार सर्वाधिक संपत्ति वाले हैं बसपा उम्मीदवार अरूण द्विवेदी – संपत्ति के मामले में दूसरे नम्बर पर कानपुर नगर के बसपा उम्मीदवार देवी प्रसाद तिवारी



लखनऊ, 15 अक्टूबर (हि.स.)। अपराध के प्रति सर्वाधिक हो-हल्ला मचाने वाली और खुद को अपराध पर नियंत्रण करने का दावा करने वाली बसपा ने उत्तर प्रदेश के विधानसभा उप चुनाव में सबसे ज्यादा अपराधिक छवि वाले लोगों को टिकट दिए हैं। सबसे ज्यादा संपत्ति वाले भी बसपा के ही कैंट उम्मीदवार अरूण द्विवेदी हैं, जिनके पास चल-अचल संपत्ति को मिलाकर 22,24,78,397 रुपये है। संपत्ति के मामले में उप चुनाव में दूसरे नम्बर पर रहने वाले भी कानपुर नगर के बसपा उम्मीदवार ही देवी प्रसाद तिवारी हैं जिनके पास कुल चल-अचल संपत्ति 12,97,56,890 रुपये हैं।
21 उम्मीदवारों पर गंभीर आपराधिक मामले
मंगलवार को एडीआर की प्रेसवार्ता में यूपी इलेक्शन वाच के स्टेट हेड संजय सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में उप चुनाव लड़ने वाले 109 उम्मीदवारों में से 101 उम्मीदवारों के शपथ पत्रों का विश्लेषण किया गया। इसमें 24 उम्मीदवारों ने अपने ऊपर आपराधिक छवि और 21 उम्मीदवारों ने अपने ऊपर गंभीर आपराधिक मामले घोषित किये हैं। इनमें सर्वाधिक आपराधिक छवि वाले उम्मीदवार अब्दुल मातीन हैं, जो प्रतापगढ़ विधानसभा में पीस पार्टी के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। दूसरे नम्बर पर समाजवादी पार्टी के टिकट पर रामपुर से चुनाव लड़ने वाली आजम खां की पत्नी डाक्टर नाजीन फातमा हैं, जबकि तीसरे नम्बर पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी से प्रतापगढ़ से चुनाव लड़ने वाले नीरज त्रिपाठी हैं।
बसपा ने पांच जबकि भाजपा ने तीन आपराधिक छवि वालों को दिया टिकट
दलगत उम्मीदवारों की अपराधिक छवि पर प्रकाश डालें तो सर्वाधिक पांच उम्मीदवार बसपा ने आपराधिक छवि के उम्मीदवार खड़े किये हैं। इसके बाद भाजपा ने तीन, कांग्रेस ने दो, समाजवादी पार्टी ने दो आपराधिक प्रवृत्ति के उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं।
35 उम्मीदवारों के पास एक करोड़ से ज्यादा संपत्ति
वित्तीय पृष्ठभूमि पर नजर दौड़ाएं तो एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक 101 उम्मीदवारों में 35 उम्मीदवारों के पास एक करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है। सर्वाधिक सम्पत्ति बसपा से लखनऊ कैंट के उम्मीदवार अरुन द्विवेदी के पास है, जो 22 करोड़ रुपये से ज्यादा है। दूसरे नम्बर पर कानपुर से चुनाव लड़ रहे बसपा उम्मीदवार देवी प्रसाद तिवारी के पास है, तीसरे नम्बर पर कानपुर नगर से ही भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे सुरेन्द्र मैथानी के पास ज्यादा संपत्ति है। मैथानी के पास कुल संपत्ति 10 करोड़ रुपये से ज्यादा है। उप चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 1.59 करोड़ रुपये है। सबसे कम संपत्ति रामपुर विधानसभा से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे भीवा खान के पास है, जिन्होंने अपनी संपत्ति 4029 रुपये घोषित की है।
61 प्रतिशत उम्मीदवार स्नातक
शैक्षिक योग्यता पर एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक 31 प्रतिशत उम्मीदवार पांचवीं से 12 तक की शिक्षा ग्रहण की है, जबकि 61 प्रतिशत उम्मीदवारों ने अपनी योग्यता स्नातक घोषित की है। दो उम्मीदवार डिप्लोमा धारक हैं। वहीं आयु के हिसाब से 69 प्रतिशत उम्मीदवार 25 से 50 वर्ष आयु के मध्य हैं, जबकि 31 प्रतिशत 51 से 70 वर्ष की आयु के हैं। इस उप चुनाव में महिलाओं का प्रतिनिधित्व 11 प्रतिशत है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *