पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे भाजपा में शामिल

0

महाराष्ट्र स्वाभिमानी पक्ष का भाजपा में विलय



मुंबई, 15 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर मंगलवार को विराम लग गया। नारायण राणे, उनके दोनों बेटे नीतेश व नीलेश अपने समर्थकों सहित भाजपा में शामिल हो गए। इसी के साथ उनकी पार्टी, महाराष्ट्र स्वाभिमान पक्ष का भाजपा के साथ विलय हो गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राणे व उनके कार्यकर्ताओं का भाजपा में स्वागत किया और कहा कि भाजपा में राणे को सम्मान दिया जाएगा।
नारायण राणे मंगलवार को कणकवली में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा में शामिल हुए। इसके बाद राणे ने कहा कि वह कोंकण में भाजपा को मजबूत करने का प्रयास करेंगे। आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनाव में कोंकण की हर सीट पर भाजपा को अपने दम पर विजय हासिल होगी। नारायण राणे ने यहां शिवसेना तथा उद्धव ठाकरे के बारे में कोई भी प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नारायण राणे की पार्टी पहले से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का हिस्सा रही है। इसी वजह से नारायण राणे को भाजपा कोटे से राज्यसभा सदस्य बनाया गया है। मंगलवार से ही वह भाजपा में शामिल हुए हैं। इसका लाभ भाजपा को मिलने वाला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कणकवली विधानसभा से नीतेश राणे भारी मतों से विजयी होने वाले हैं। अब इसमें कोई शंका नहीं रह गई है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *