गिरिराज सिंह की गांधी संकल्प यात्रा में उमड़ी भीड़, दिलाया गया संकल्प

0

गिरिराज सिंह ने अपनी  पदयात्रा की शुरुआत बखरी विधानसभा क्षेत्र के रामपुर चौक के समीप गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ की



बेगूसराय, 15अक्टूबर(हि.स.)। गांधी जी के ग्राम सुधार, स्वच्छता, प्रकृति संरक्षण से जुड़े जल जीवन और हरियाली, शराबबंदी तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध आम लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए बेगूसराय के सांसद सह केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की पदयात्रा का द्वितीय चरण मंगलवार से शुरू हो गया। गिरिराज सिंह ने अपनी  पदयात्रा की शुरुआत बखरी विधानसभा क्षेत्र के रामपुर चौक के समीप गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ की । इस मौके पर उन्होंने कहा कि गांधी जी ने देश को आजादी दिलाने के लिए कई स्तर पर लोगों को जगाया था। विदेशी कपड़ा का बहिष्कार करने के लिए जन जागरण किया था। उसी प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक करने के लिए हम लोग भी यहां आए हैं। आप सब को जगाने आए हैं। गांधी जी के सिद्धांत को, उनके सैद्धांतिक उद्देश्य के प्रति हम लोगों को जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक मनुष्य, मिट्टी और जानवर सबके लिए खतरनाक है। इसी प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने जल संरक्षण की  दिशा में लोगों को जागरूक करने का अभियान शुरू किया है। उसमें भी हम लोगों को जोर शोर से भागीदारी करनी चाहिए। शराब सबके लिए खराब है और सरकार ने भी शराबबंदी की है तो शराब एवं शराबी का बहिष्कार जोर-शोर से करना चाहिए। इसके साथ ही गांधी जी के ग्राम सुधार की दिशा के प्रति हम सब सबको सहभागिता से काम करना चाहिए।

रामपुर चौक से शुरू पदयात्रा रामपुर गांव, रामपुर पंचायत भवन से रामपुर ढाला  होते हुए जनता पुस्तकालय सलौना पहुंची जहां  उपस्थित हजारों लोगों को श्री  सिंह ने जल संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार तथा शराब के बहिष्कार का  संकल्प दिलाया। इसके बाद पदयात्रा बखरी अनुमंडल चौक, कामा स्थान पर होते हुए बखरी नगर का भ्रमण कर टूना बाबू प्लाजा पहुंची  जहां सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के बाद प्रथम दिन की  पदयात्रा का समापन हो गया। बुधवार की पदयात्रा  मटिहानी विधानसभा क्षेत्र में होगी। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, वरिष्ठ नेता अमरेंद्र कुमार अमर, पदयात्रा प्रभारी अमर कुमार सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुणाल कुमार, भाजयुमो के प्रदेश मीडिया प्रभारी मृत्युंजय कुमार वीरेश, भाजपा के वरिष्ठ नेता पार्षद सिधेश आर्य, भाजयुमो के क्षेत्रीय प्रभारी पार्षद नीरज नवीन, जिला महामंत्री राजीव वर्मा, किसान मोर्चा (गन्ना प्रकोष्ठ )के राष्ट्रीय सह संयोजक रामशंकर पासवान, नमक सत्याग्रह गौरव यात्रा समिति के सचिव मुकेश विक्रम, पवन सिंह, संतोष गुड्डू समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *