भारत मुश्किल घड़ी में जापान के साथ एकजुटता से खड़ा है : मोदी

0

उन्होंने कहा कि जापान की यात्रा पर गई भारतीय नौसेना के जवानों को वहां तत्काल सहायता करने में प्रसन्नता होगी।



नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को जापान में चक्रवाती तूफान ‘हगिबिस’ के कारण हुई जनहानि के प्रति संवदेना व्यक्त करते हुए कहा कि भारत इस मुश्किल घड़ी में जापान के साथ एकजुटता के साथ खड़ा है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट संदेश में कहा, “मैं सभी भारतीयों की ओर से जापान में सुपर-टायफून हगिबिस के कारण हुई जन हानि पर संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं इस प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान और तबाही से जल्द ऊबरने की कामना करता हूं।”

उन्होंने कहा, “मुझे यकीन है कि जापानी लोगों की तैयारी और जुझारूपन तथा मेरे दोस्त जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे का कुशल नेतृत्व इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावी ढंग से और जल्द से जल्द निपट लेगा। प्राकृतिक आपदाओं के खिलाफ जापान की तैयारियां काबिले तारीफ हैं।”

मोदी ने कहा कि भारत इस मुश्किल घड़ी में जापान के साथ एकजुटता के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि जापान की यात्रा पर गई भारतीय नौसेना के जवानों को वहां तत्काल सहायता करने में प्रसन्नता होगी।

उल्लेखनीय है कि जापान की राजधानी टोक्यो सहित देश के अन्य हिस्सों में शनिवार को चक्रवाती तूफान ‘हगिबिस’  ने दस्तक दी। तूफान के बाद वहां बेतहाशा बारिश शुरू हो गई और बाढ़ के साथ भूस्खलन की कई घटनाएं हुईं। इसमें अब तक 19 लोगों की मौत हो गई जबकि सौ से अधिक लोग घायल हो गए।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *