प्रधानमंत्री की भतीजी का पर्स छीनने वाले दोनों युवक गिरफ्तार

0

आरोपितों ने उत्तरी जिले के सिविल लाइंस इलाके में शनिवार को दमयंती का पर्स छीना था।



नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भतीजी दमयंती मोदी का पर्स छीनने वाले आरोपित दोनों युवकों को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर हवालात के अंदर कर दिया। आरोपितों ने उत्तरी जिले के सिविल लाइंस इलाके में शनिवार को दमयंती का पर्स छीना था। दमयंती, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भाई प्रह्लाद मोदी की पुत्री हैं। दमयंती के पर्स में मोबाइल फोन, 56,600 रुपये और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। आरोपितों की पहचान नोनू और बादल के रूप में हुई है। स्कूटी में पीछे बैठा नजर आ रहा नोनू है। नोनू के खिलाफ राजधानी के कई थानों में अपराध पंजीकृत हैं।
पुलिस ने प्रधानमंत्री की भतीजी दमयंती के साथ हुई लूटपाट की इस घटना के बाद सिविल लाइंस इलाके के करीब 100 से ज्यादा सीसीटीवी के फुटेज खंगाले। इनमें स्कूटी सवार आरोपित दोनों युवक पर्स छीनने के बाद उप राज्यपाल निवास के सामने से होते हुए तीस हजारी कोर्ट और रानी झांसी फ्लाईओवर से ईदगाह की तरफ जाते नजर आए।
इन आरोपितों की पहचान करने में एक सीसीटीवी फुटेज ने काफी मदद की। इस फुटेज को दिल्ली पुलिस ने जारी किया है। यह काफी साफ है। इसी से नोनू का पहचाना जा सका। इसके बाद सारी दिल्ली में मुखबिरों को फैलाया गया। इस दौरान नबी करीम पुलिस को पता चला कि नोनू दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर में है।
इस सूचना के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर वहां से नोनू को दबोच लिया। नोनू के साथी बादल को देररात रोहिणी पुलिस ने गिरफ्तार किया। दोनों के पास स्नैचिंग का काफी सामान बरामद हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, नोनू शातिर है। प्रधानमंत्री की भतीजी के मोबाइल फोन को आरोपितों ने ईदगाह पहुंचने के बाद स्विच ऑफ कर दिया था। नोनू नबी करीम इलाके के फुटपाथ में पला-बढ़ा है। वहीं पर उसने अपराध की दुनिया में कदम रखा। बालिग होने से पहले ही वह सदर के भीड़भाड़ वाले इलाके में लोगों के बैग पर हाथ साफ करने लगा था। इससे पहले भी वह कई बार पकड़ा जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *