अभिनेत्री अमीषा पटेल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट, रांची पुलिस मुंबई रवाना

0

चेक बाउंस मामले में बढ़ी अभिनेत्री की मुश्किलें



रांची, 12 अक्टूबर (हि.स.)। अभिनेत्री अमीषा पटेल के खिलाफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट कुमार विपुल की अदालत ने चेक बाउंस के एक मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। रांची पुलिस की टीम शनिवार को वारंट लेकर मुंबई के लिए रवाना हो गयी है। इससे पूर्व अदालत की ओर से कई बार अपना पक्ष रखने के लिए समन जारी किया गया था। जिसका कोई जवाब नहीं मिला। अंत में अदालत की ओर से वारंट जारी किया गया।

उल्लेखनीय है कि शिकायतकर्ता लवली वर्ल्ड एंटरटेनमेंट सर्वेश्वरीनगर हेहल के प्रोपराइटर अजय कुमार सिंह ने बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी थी कि फिल्म में फाइनांस करने के नाम पर अमीषा पटेल ने उनसे ढाई करोड़ रुपये की ठगी की है। शिकायतकर्ता के अनुसार 25 नवंबर 2017 को रांची में डिजिटल इंडिया के एक कार्यक्रम में वह आमंत्रित थे। उस कार्यक्रम में अमीषा पटेल मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल थीं। वहीं पर अमीषा से मुलाकात हुई, जिसके बाद दोनों की मुलाकात रांची के एक प्रतिष्ठित होटल में हुई। अमीषा ने अपनी फिल्म देशी मैजिक के लिए अजय को फाइनांस करने की बात कही। जिसके बाद मुंबई में भी दोनों की मुलाकात हुई और फिल्म फाइनांस करने के लिए एग्रीमेंट किया गया। अजय कुमार सिंह ने अमीषा पटेल को ढाई करोड़ रुपये दिये, लेकिन अमीषा ने पैसा नहीं लौटाया। बाद में पैसे मांगने पर अमीषा ने ढाई करोड़ और पचास लाख के दो चेक दिये जिसका पेमेंट रुकवा दिया। इसके बाद अजय ने मामले में शिकायतवाद संख्या 4724/18 दर्ज कराया। अजय ने अमीषा और उनके बिजनेस पार्टनर कुणाल ग्रूमर पर फिल्म बनाने के नाम पर धोखाधड़ी कर रुपये हड़पने का आरोप लगाया था।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *