विधानसभा चुनाव : फरीदाबाद में धुरविरोधी आए एक मंच पर

0

कभी राजनीति के धुरविरोधी माने जाने वाले पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना और पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप इस बार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एक मंच पर आ गए हैं।



फरीदाबाद, 11 अक्टूबर (हि.स.)। मतदान की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे फरीदाबाद में राजनीति के समीकरण बदलते जा रहे हैं। कभी राजनीति के धुरविरोधी माने जाने वाले पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना और पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप इस बार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एक मंच पर आ गए हैं। यहां तक कि भड़ाना ने पैतृक गांव अनंगपुर में पूर्व मंत्री के पुत्र एवं बडखल विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार विजय प्रताप के समर्थन में लोगों से एकजुट होने का आह्वान भी किया है।

गुर्जर समाज से ताल्लुक रखने वाले इन दोनों ही बड़े नेताओं के एकजुट होने से बडखल विधानसभा क्षेत्र में मुकाबला रोचक हो गया है। राजनैतिक गलियारों में इन दोनों महारथियों के एक होने की चर्चाएं जोरों पर चल रही हैं। उल्लेखनीय है कि पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना व पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप हमेशा अलग-अलग राजनीति करते रहे हैं। भड़ाना ने जहां फरीदाबाद के साथ-साथ मेरठ से लोकसभा चुनाव लड़े हैं, वहीं चौ. महेंद्र प्रताप प्रदेश की राजनीति के माहिर माने जाते हैं। महेंद्र प्रताप देवीलाल सरकार में कांग्रेस विधायक दल के नेता चुने गए थे और करीब 6 बार विधायक रह चुके हैं। इसके अलावा कई बार मंत्री पद पर भी रहे हैं।

हालांकि भड़ाना कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे और उत्तर प्रदेश की मीरापुर सीट से भाजपा की टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक बने थे, परंतु उनका लोकसभा चुनाव का मोह उन्हें फिर से कांग्रेस में ले आया और 2019 में भाजपा उम्मीदवार कृष्णपाल गुर्जर ने उन्हें करारी शिकस्त दी थी। इसके बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बना ली। अब जब विधानसभा चुनाव चल रहे हैं तो भड़ाना के एकाएक अपने धुरविरोधी चौ. महेंद्र प्रताप के पुत्र के समर्थन में आने के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि वह कांग्रेस के लिए फरीदाबाद में प्रचार करेंगे।

प्रतिष्ठा का चुनाव बना बडखल
पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना और पूर्व मंत्री चौ. महेंद्र प्रताप के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का बन चुका है। चौ. महेंद्र प्रताप अपनी राजनैतिक विरासत अपने मंझले पुत्र विजय प्रताप को सौंप चुके हैं और वह इस चुनाव को किसी भी कीमत पर जिताने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। जबकि मौजूदा भाजपा विधायक एवं उम्मीदवार सीमा त्रिखा के समर्थन में मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा आयोजित की गई रैली तथा पूर्व मंत्री एवं पंजाबी नेता ए.सी. चौधरी के भाजपा के पाले में आने से भाजपा उम्मीदवार सीमा त्रिखा की स्थिति मजबूत हुई है। फिर भी पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना एवं पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप बडखल क्षेत्र की गुर्जर वोटों पर सेंध लगाने के लिए जुट गए हैं और दिन-रात प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। अब देखना यह है कि दिगगज कांग्रेसी इस सीट को कांग्रेस की झोली में डालते हैं या फिर पहले की तरह इस बार भी बडखल में कमल खिलेगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *