कर्नाटक विधानसभा में मीडिया बैन पर बोले येदियुरप्पा, सरकार प्रेस की स्वतंत्रता के लिए प्रतिबद्ध

0

बुधवार को जारी आदेश के अनुसार, विधानसभा के अंदर केवल दूरदर्शन के कैमरों की अनुमति है। यह व्यवस्था गुरुवार से लागू हो गई।



बेंगलुरु, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने गुरुवार को कहा कि राज्य में उनकी सरकार मीडिया की स्वतंत्रता के लिए प्रतिबद्ध है और वह विधानसभा अध्यक्ष से विधानसभा की कार्यवाही को रिकॉर्ड करने के लिए निजी मीडिया चैनलों को प्रतिबंधित करने के फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह करेंगे।
उन्होंने यह ट्वीट विधानसभा अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी द्वारा जारी आदेश लेकर किया जिसमें निजी मीडिया चैनलों को विधानसभा की कार्यवाही कवर करने से रोक दिया गया था। हालांकि, येदियुरप्पा ने बाद में ट्वीट को हटा दिया। येदियुरप्पा ने ट्वीट में कहा था कि “मेरी सरकार हमेशा मीडिया की स्वतंत्रता के लिए प्रतिबद्ध है। मैं ईमानदारी से प्रयास करूंगा और स्पीकर विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी को सदन की कार्यवाही प्रसारित करने से सम्बंधित मीडिया पर प्रतिबंध लगाने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध करूंगा।”
बुधवार को जारी आदेश के अनुसार, विधानसभा के अंदर केवल दूरदर्शन के कैमरों की अनुमति है। यह व्यवस्था गुरुवार से लागू हो गई। उधर, कांग्रेस ने इस कदम को शर्मनाक कृत्य करार दिया है जबकि पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री रहते पुलिस विभाग द्वारा किए गए एक ऐसे ही प्रस्ताव को खारिज कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *