अरुण जेटली की सीट से राज्यसभा उप चुनाव में सुधांशु त्रिवेदी निर्विरोध निर्वाचित

0

पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली का निधन होने के बाद खाली हुई थी यह सीट



लखनऊ, 09 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व पार्टी के उम्मीदवार सुधांशु त्रिवेदी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। यह सीट पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन के बाद खाली हुई थी। सुधांशु ने शुक्रवार को अंतिम दिन नामांकन पत्र जमा कराया था। इस रिक्त सीट पर होने वाले उप चुनाव में किसी अन्य पार्टी ने अपनी दावेदारी नहीं की थी, इसलिए उनका निर्विरोध निर्वाचित होना तय माना जा रहा था।
मैकेनिकल इंजीनियरिंग में पीएचडी कर चुके सुधांशु मुख्यमंत्री के सूचना सलाहकार और भाजपा अध्यक्ष के राजनीतिक सलाहकार भी रह चुके हैं। वे लंबे समय से संगठन के लिए कार्य कर रहे हैं। राजनाथ सिंह जब प्रदेश के मुख्यमंत्री बने तब वह उनके करीब आये और उनके अध्यक्ष बनने पर बतौर सलाहकार उनकी भूमिका चर्चा में रही। सुधांशु ने बाद में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी प्रभावित किया। राज्यसभा की इस सीट के लिए प्रदेश के कई दिग्गज कतार में थे लेकिन लखनऊ से ताल्लुक रखने वाले सुधांशु ने सबको पीछे छोड़ते हुए केंद्रीय नेतृत्व का भरोसा हासिल किया है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *