पूर्व सांसद रमाकांत यादव और बसपा के पूर्व एमएलसी समेत कई नेता सपा में शामिल

0

पूर्वांचल की राजनीति में बाहुबली नेता की छवि वाले रमाकांत यादव इससे पहले भी सपा में रह चुके हैं।



लखनऊ, 06 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व सांसद रमाकांत यादव और बसपा के एमएलसी रहे अतहर खान समेत कई नेता रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल हो गये। पार्टी मुखिया अखिलेश यादव की उपस्थिति में सभी को सपा की सदस्यता दिलायी गई।
रमाकांत यादव के सपा में जाने की चर्चा बहुत दिनों से चल रही थी। इसी के चलते कांग्रेस ने उन्हें हाल ही में पार्टी से निष्कासित कर दिया था। पूर्वांचल की राजनीति में बाहुबली नेता की छवि वाले रमाकांत यादव इससे पहले भी सपा में रह चुके हैं। वर्ष 2004 में सपा से बाहर होने के बाद उन्होंने उस समय बयान दिया था कि अब उनकी लाश भी सपा में नहीं जाएगी लेकिन करीब 15 साल बाद आज उन्होंने फिर सपा में अपनी वापसी की।
रमाकांत यादव आजमगढ़ से कई बार सांसद और विधायक रह चुके हैं। वहां से पहली बार वर्ष 1985 में वह निर्दलीय विधायक चुने गए थे।  इसके बाद 1989 में वह भाजपा के टिकट से विधायक बने। फिर वह सपा में चले गये और इसी दल के उम्मीदवार के रुप में 1991 व 1993 का विधानसभा चुनाव जीता।
सपा के ही टिकट पर रमाकांत वर्ष 1996 और 1999 में आजमगढ़ से सांसद चुने गये थे। इसके बाद 2004 में बसपा और 2009 में फिर सपा के टिकट पर लोकसभा पहुंचे। इसके बाद वह भाजपा में शामिल हो गये।
वर्ष 2019 के चुनाव में भाजपा ने जब उन्हें टिकट नहीं दिया तो वह कांग्रेस में चले गये और भदोही लोकसभा सीट से चुनाव लड़े लेकिन हार गये।
रमाकांत यादव के साथ कई बसपा नेता भी आज पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की उपस्थिति में सपा में शामिल हो गए।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *