पटना में एनडीआरएफ़ ने रेस्क्यू कर 12 हजार लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया

0

जलजमाव इलाकों से निकाले गए लोगों में 509 रोगी व 32 गर्भवती महिलाएं,पुनपुन नदी क्षेत्र में 2 टीमें तैनात 



बिहटा, 05अक्टूबर (हि.स.)। 9वीं बटालियन एनडीआरएफ के बचावकर्मी लगातार सातवें दिन भी पटना शहर के जलजमाव वाले इलाके में राहत व बचाव कार्य में जुटे रहे। इन सात दिनों में इसके बचावकर्मियों ने जलजमाव वाले इलाकों में मुसीबत में फंसे 12 हजार से अधिक लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला है जिसमें 509 रोगी तथा 32 गर्भवती महिलाएं शामिल हैं।
इसके बचावकर्मी कमान्डेंट विजय सिन्हा के नेतृत्व में अपने बल के मोटो “आपदा सेवा सदैव” को चरितार्थ करते हुए निःस्वार्थ भाव से आफत में फंसे लोगों की मदद करने में दिन-रात जुटे हुए हैं। अभी राजेन्द्र नगर तथा अन्य कुछ इलाकों में पानी भरा हुआ है।
बटालियन की मेडिकल टीम चिकित्साधिकारी के नेतृत्व में पानी में फंसे जरूरतमंद लोगों को मेडिकल सुविधा मुहैया कर रही है। इसके बचावकर्मी सिविल प्रशासन के सहयोग से प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने में जुटे हुए हैं।
कमान्डेंट विजय सिन्हा ने बताया कि पुनपुन नदी में आई बाढ़ के मद्देनजर बिहार राज्य आपदा प्रबंधन की मांग पर बटालियन की 02 टीमें  पटना जिले के उन इलाके में तैनात की गयी हैं। इसमें एक टीम पुनपुन प्रखण्ड में तथा दूसरी  सम्पतचक प्रखण्ड के गौरीचक में तैनात है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *