रांची में नक्सलियों से मुठभेड़, जगुआर के 2 जवान शहीद

0

रांची के एसएसपी अनीश गुप्ता और डीआईजी अमोल वेणु कांत मौके पर पहुंच चुके हैं। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।



रांची, 04 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी रांची से 40 किलोमीटर दूर दशम फॉल थाना क्षेत्र में शुक्रवार के तड़के नक्सली और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए। कुछ जवान घायल भी हुए हैं।

पुलिस के अनुसार शहीद हुए जवानों में खंजन कुमार महतो और अखिलेश राम शामिल हैं। दोनों एसटीएफ के जवान थे। रांची के एसएसपी अनीश गुप्ता और डीआईजी अमोल वेणु कांत मौके पर पहुंच चुके हैं। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।

डीआईजी वेणु कांत ने बताया कि गुरुवार देर रात एक नक्सली दस्ते के मूवमेंट की सूचना मिली थी। सूचना के बाद डाकापीढ़ी तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में झारखंड जगुआर (एसटीएफ) की एक टीम को ऑपरेशन के लिए भेजा गया। इसी क्रम में नक्सली और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें झारखंड जगुआर के दो जवान शहीद हो गए हैं। पूरे इलाके में नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *