विधानसभा चुनाव : भाजपा के संकल्प-पत्र में म्हारे सपनों का हरियाणा

0

32 पेज के संकल्प-पत्र में भाजपा ने युवाओं से लेकर खिलाड़ियों, किसानों और गरीब वर्ग को साधने का किया प्रयास



चंडीगढ़, 01 अक्टूबर (हि.स.)। चुनावी शंखनाद होते ही राजनीतिक पार्टियों ने जनता के सामने वादों का पिटारा खोलना शुरू कर दिया है। जनता को अपने पक्ष में करने के लिए हर दल हर दांव चल रहा है। सबसे ज्यादा अहमियत सत्ताधारी पार्टी भाजपा रखती हैं। पांच साल तक पारदर्शी व सुशासन का नारा देने वाली भाजपा के घोषणा-पत्र पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
चुनावी बिगुल बजते ही भाजपा ने जनता के समक्ष म्हारे सपनों का हरियाणा की तस्वीर पेश किया है। भाजपा ने 32 पेज का संकल्प-पत्र तैयार किया है, जिसमें हर वर्ग का ख्याल रखा गया है। खासकर खिलाड़ी, युवा, किसान और गरीब वर्ग को अहमियत दी गई है।
वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 154 वादे किए थे। इस बार भाजपा ने संकल्प पत्र तैयार करने के लिए जनता से सीधा संवाद कर सुझाव मांगे। प्रदेश भर से करीब 1.70 लाख सुझाव आए, जिन्हें 2000 श्रेणियों में बांटा गया। कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ की अगुवाई में गठित कमेटी ने 1.70 लाख में से 200 सुझावों को संकल्प पत्र में शामिल किया है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा सौंपे गए संकल्प-पत्र पर भाजपा हाईकमान ने मोहर लगा दी है। संकल्प-पत्र 32 पेज का तैयार किया गया है। कवर पेज पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की तस्वीर को उकेरने के साथ 2019 से 2024 तक म्हारे सपनों का हरियाणा शीर्षक दिया गया है। अंतिम पृष्ठ पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्‌डा और प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला को जगह मिली है। साथ ही सुशासन हमारा मंत्र, ईमानदार हमार तंत्र एवं अंत्योदय हमारा लक्ष्य का संकल्प लिया गया है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *