पारा शिक्षक हत्या मामला : पूर्व मंत्री एनोस एक्का जेल से हुए रिहा

0

उल्लेखनीय है कि एनोस को पारा शिक्षक मनोज कुमार की हत्या के मामले में जिला अदालत से उम्र कैद की सजा मिली हुई है।



रांची, 01 अक्टूबर ( हि.स.)। पूर्व मंत्री एनोस एक्का मंगलवार की सुबह होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार से जमानत पर रिहा हुए। जेल से रिहा होने के बाद झारखंड पार्टी के नेताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ माला पहनाकर स्वागत किया।
उल्लेखनीय है कि एनोस को पारा शिक्षक मनोज कुमार की हत्या के मामले में जिला अदालत से उम्र कैद की सजा मिली हुई है। हाईकोर्ट ने 26 सितम्बर को मामले में उन्हें कई शर्तों के साथ जमानत दी थी। जस्टिस एके गुप्ता और जस्टिस राजेश कुमार की अदालत ने उन्हें सशर्त जमानत दी थी। अदालत में जमानत देते हुए एनोस को अपना पासपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया था। साथ ही कोर्ट की अनुमति के बिना उन्हें झारखंड से बाहर नहीं जाने और गवाहों को किसी प्रकार से प्रभावित नहीं करने का भी आदेश दिया गया था।
क्या था मामला
पारा शिक्षक की हत्या नवम्बर 2014 में हुई थी। शव मिलने के अगले ही दिन एनोस एक्का को गिरफ्तार कर लिया गया था। एनोस 2005, 2009 और 2014 में कोलेबिरा विधानसभा सीट से चुनाव जीता था। कोलेबिरा प्रखंड के पारा शिक्षक संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार का अपहरण कर लिया गया था और कोलेबिरा के जंगल से उनका शव बरामद हुआ था। इसे लेकर मृतक के परिजनों ने एनोस एक्का पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उम्र कैद की सजा मिलने के बाद एनोस की विधानसभा सदस्यता भी समाप्त हो गई थी।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *