जदयू विधायक बोगो सिंह ने अपनी सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, समर्थन में आए गिरिराज

0

मटिहानी  के जदयू विधायक नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह ने सरकार एवं जिला प्रशासन  बाढ़ पीड़ितों की उपेक्षा तथा राहत के नाम पर घोटाला करने का आरोप लगाया है। 



बेगूसराय, 01 अक्टूबर (हि.स.)। बेगूसराय के बाढ़ पीड़ितों को पर्याप्त मात्रा में राहत नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए सत्ताधारी दल जदयू के विधायक ने सरकार एवं जिला प्रशासन के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है।मटिहानी  के जदयू विधायक नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह ने सरकार एवं जिला प्रशासन  बाढ़ पीड़ितों की उपेक्षा तथा राहत के नाम पर घोटाला करने का आरोप लगाया है।
सोमवार की देर शाम पत्रकारों से बात करते हुए बोगो सिंह ने कहा कि बिहार सरकार और जिला प्रशासन सौ प्रतिशत उदासीन है। उसे मानवता से कोई मतलब नहीं है। मानवीय संवेदना जीरो पर आउट है। एसी में बैठना, एसी वाले चार चक्का गाड़ी में बैठकर घूमना, गुप्ता बांध पर आकर बाढ़ का हाल चाल लेना, एनडीआरएफ के बोट से घूम कर जलविहार करना, इसको हम मानवीय संवेदना नहीं मानते हैं। उन्होंने कहा कि सब बैठकर घोटाला कर रहा है, लूट मचाए हुए है। बाढ़ ग्रस्त परिवारों के बीच घटिया किस्म के पॉलिथीन का छोटा-छोटा टुकड़ा वितरण किया गया है। मवेशी के खाने की व्यवस्था नहीं की गई है। पिछले साल के बाढ़ में 20 किलो भूसा दिया गया था। इस बार एक किलो, दो किलो दिया जा रहा है। लगता है जैसे भीख दे रहे हैं। बाढ़ पीड़ित भगवान भरोसे रह रहे हैं। हमसे जितना बन रहा है, कर रहे हैं। जिला प्रशासन और बिहार सरकार एसी में बैठकर समीक्षा कर रहे हैं।
इधर, बोगो सिंह द्वारा बाढ़ राहत पर सवाल उठाए जाने तथा घोटाला की बात कहे जाने के बाद बेगूसराय के सांसद और केंद्रीय पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन मंत्री गिरिराज सिंह ने उनकी बातों का समर्थन किया है। केंद्रीय मंत्री सिंह ने कहा कि पिछले सप्ताह बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा करने के दौरान जब मैंने अधिकारियों को चेतावनी दी थी, तो बिहार सरकार के एक मंत्री उसके पक्ष में आ गए। अधिकारियों का राजनीतिकरण किया जाने लगा। उसी का दुष्परिणाम है कि अब मटिहानी से जदयू के विधायक बोगो सिंह बाढ़ पीड़ितों की पीड़ा व्यक्त कर रहे हैं।
सिंह ने कहा है कि सच कहना अगर बगावत है तो समझो हम भी बागी हैं। इधर, मटिहानी विधायक द्वारा बाढ़ राहत पर सवाल उठाए जाने पर डीएम अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि जनप्रतिनिधियों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है। जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच मुस्तैदी से राहत का वितरण किया जा रहा है। वर्मा ने बताया कि पॉलिथीन शीट स्तरीय है तथा इसकी साइज फिक्स रहती है। जरूरत के हिसाब से पशुचारा का वितरण किया जा रहा है। सामुदायिक रसोई के माध्यम से भोजन की भी व्यवस्था की जा रही है। मेडिकल कैंप और प्रर्याप्त नाव की व्यवस्था की गई है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *