केबीसी की हॉट सीट पर दिखेंगे निगम कमिश्नर, बताएंगे इंदौर के देश के सबसे स्वच्छ शहर होने का राज

0

गांधी जयंती पर दो अक्टूबर को सोनी टीवी पर प्रसारित होगा एपिसोड



इंदौर, 29 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर स्वच्छता सर्वेक्षण में लगातार तीन बार बाजी मारते हुए देश का सबसे स्वच्छ शहर बना हुआ है। इंदौर को स्वच्छ बनाने में नगर निगम के साथ-साथ वहां के नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। सोनी टीवी चैनल पर मशहूर फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन द्वारा होस्ट कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) के 11वें सीजन में इंदौर नगर निगम के कमिश्नर को बुलाया गया है। वे केबीसी की हाट सीट पर बैठकर बताएंगे कि इंदौर देश का सबसे स्वच्छ शहर कैसे बना। यह एपीसोड आगामी दो अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर प्रसारित होगा।

गौरतलब है कि केबीसी के 11वें सीजन में मध्यप्रदेश के कई लोगों ने अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठकर लाखों रुपये जीते हैं। केबीसी के इस सीजन में अमिताभ बच्चन स्वयं इंदौर शहर की कई बार तारीफ कर चुके हैं। इंदौर से पहुंचे प्रतिभागियों से भी वे इंदौर की स्वच्छता को लेकर सवाल पूछ चुके हैं,  लेकिन अब इंदौर के निगम कमिश्नर आशीष सिंह हॉट सीट पर बैठकर बताएंगे कि कैसे इंदौर ने देश के बड़े-बड़े और सुंदर शहरों को पछाडक़र लगातार तीन बार स्वच्छता में नम्बर वन का ख़िताब पाया है ।इंदौर नगर निगम कमिश्नर आशीष सिंह ने बताया कि उन्हें केबीसी से आमंत्रण मिला था। वे शनिवार को मुम्बई गए थे और यहां उन्हें केबीसी की हॉट सीट पर अमिताभ बच्चन के सामने बैठने को मौका मिला। उन्होंने इंदौर की स्वच्छता को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब भी दिये। शनिवार को इस शो की रिकॉडिंग हो गयी है । अब यह एपीसोड आगामी दो अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर टेलीकॉस्ट होगा, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दो अक्टूबर को ही देश में स्वच्छता अभियान की शुरुआत की थी। इस शो में उन्होंने न केवल यह बताया कि इंदौर कैसे स्वच्छता में नम्बर बना, बल्कि यह भी बताया कि कचरे के पहाड़ बन चुके ट्रेंचिंग ग्राउंड को कैसे वैज्ञानिक तरीके से समतल कर गार्डन में तब्दील कर दिया गया । इस एपिसोड में इंदौर के साफ-सफाई के दृश्यों को भी दिखाया जाएगा और इंदौर के नागरिक शहर की स्वच्छता को लेकर फीडबैक देते हुए भी नजर आएंगे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *