श्रद्धालु कैसे जाएंगे करतारपुर साहिब, एक अक्टूबर को बताएगी सरकार

0

पंजाब सरकार की गई मांग को स्वीकार करते हुए वेब पोर्टल पर पंजाबी भाषा में भी जानकारी उपलब्ध होगी।



चंडीगढ़, 26 सितम्बर (हि.स.)। पंजाब के सहकारिता और जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्रालय के सीमा प्रबंधन सचिव बृज राज शर्मा के साथ मुलाकात की। उन्होंने करतारपुर गलियारे के चल रहे कार्य की प्रगति की समीक्षा की। इस मौके पर जेल मंत्री ने उनसे गुरुद्वारा करतारपुर साहिब के दर्शन करने के इच्छुक श्रद्धालुओं के लिए जाने की प्रक्रिया विधि को आसान और सार्वजनिक करने की मांग रखी।
बैठक में किए गए निर्णयों के बारे में रंधावा ने बताया कि भारत सरकार पहली अक्टूबर तक करतारपुर साहिब के दर्शन करने के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रक्रिया विधि का ऐलान हो जाएगा। साथ ही पंजाब सरकार की गई मांग को स्वीकार करते हुए वेब पोर्टल पर पंजाबी भाषा में भी जानकारी उपलब्ध होगी। कहा कि समूचे पंजाब वासियों और दुनिया भर में बसे नानक नाम लेवा संगत में करतारपुर गलियारे के प्रति बहुत उत्साह है। साथ ही वह गुरुद्वारा साहिब के दर्शन करने के लिए जाने की प्रक्रिया को जानने के लिए बहुत उत्सुक हैं इस कारण इस प्रक्रिया विधि का जल्द ऐलान कर दिया जाना चाहिए।
सीमा प्रबंधन सचिव ने बताया कि भारत सरकार इस पर तेजी से काम कर रही है और यह सारी विधि एक अक्टूबर तक सार्वजनिक कर दी जाएगी। इसके साथ ही आवेदन करने के लिए बनने वाले वेब पोर्टल पर पंजाबी भाषा में भी जानकारी देने की मांग को स्वीकार कर लिया गया है। करतारपुर गलियारे का भारत की तरफ निर्माण का कार्य 31 अक्टूबर से पहले ही समाप्त हो जाएगा। सहकारिता मंत्री ने कहा कि करतारपुर साहिब के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की भारी आमद को देखते हुए सीमा प्रबंधन ने उनकी सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर डेरा बाबा नानक में एक पुलिस स्टेशन के स्थापना को मंजूरी दे दी है। इसके अलावा, फायर ब्रिगेड और अस्पताल को अपग्रेड करने पर भी चर्चा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *