111वीं जयंती पर राष्ट्रकवि दिनकर को दी श्रद्धांजलि

0

श्रद्धांजलि देने दिनकर के गांव पहुंचे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह कवि संगम में भाग लेंगी राज्यपाल, कवि होंगे सम्मानित



बेगूसराय, 23 सितम्बर (हि.स.)। अपनी कलम से राष्ट्रीयता से लेकर श्रृंगार रस के जाने-माने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की 111वीं जयंती पर कृतज्ञ राष्ट्र उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन कर रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रकवि की जन्मभूमि बेगूसराय में भी विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सुबह से ही लोग उन्होंने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। वहीं, दिनकर के गांव सिमरिया और बेगूसराय शहर में दो दिवसीय वृहद कार्यक्रम आयोजित कियेे जा रहेे हैंं। इसके अलावा जिला के दर्जनों विद्यालयों में भी छात्रों और शिक्षकों ने उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया।

सोमवार को उनकी जयंती पर डीएम अरविंद कुमार वर्मा, एसपी अवकाश कुमार, साहित्य अकादमी के महासचिव अग्निशेखर, शिक्षक नेता अमरेंद्र कुमार सिंह समेत तमाम अतिथियों ने दिनकर कला भवन में राष्ट्रकवि की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद स्वर्ण जयंती पुस्तकालय और जीरोमाइल स्थित राष्ट्रकवि की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद तमाम पदाधिकारी के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह दिनकर को नमन करने उनके गांव सिमरिया पहुंचे। सिमरिया जाने से पहले ट्विटर पर राष्ट्रकवि को नमन करते हुए गिरिराज सिंह ने लिखा, ‘समर शेष है, नहीं पाप का भागी केवल व्याध्र जो तटस्थ हैं, समय लिखेगा उनके भी अपराध। युगों-युगों तक नमन किए जाने वाले राष्ट्रकवि दिनकर की जयंती पर उन्हें शत शत नमन।’

बिहार के पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पांडेय ने शहर के वीणा बैंक्वेट हॉल में दिनकर जी को नमन किया। जबकि, मंगलवार को गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा दिनकर को नमन करने बेगूसराय आ रही हैंं। वे यहां राष्ट्रीय कवि संगम के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय दिनकर जयंती सह प्रांतीय अधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में बिहार की क्षेत्रीय भाषा के पांच कवियों को दिनकर सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *