जेएससीए पर अमिताभ चौधरी गुट का कब्जा , डॉ. नफीस बने अध्यक्ष, अजय मारू हारे

0

संजय सहाय सचिव, पार्थसारथी सेन कोषाध्यक्ष और राजीव बधान संयुक्त सचिव बनेअजयनाथ शाहदेव जेएससीए उपाध्यक्ष के लिए पहले ही निर्विरोध निर्वाचित किये गये थे



रांची, 22 सितम्बर (हि.स.)। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) के चुनाव में एक बार फिर बीसीसीआई के कार्यकारी सचिव अमिताभ चौधरी गुट का कब्जा हो गया।

अध्यक्ष पद पर जमशेदपुर के डॉ. नफीस अख्तर विजयी हुए। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा नेता व पूर्व सांसद अजय मारू को पराजित किया। डॉ. नफीस गुट ने सभी पदों पर जीत हासिल की। डॉ. नफीस वर्तमान में बीसीसीआई के कार्यवाहक सचिव अमिताभ चौधरी गुट के हैं।

इसी गुट के ही सचिव पद के उम्मीदवार संजय सहाय ने जानकी राम को हराया। कोषाध्यक्ष पद पर भी इसी गुट का कब्जा रहा। पार्थ सारथी सेन ने रणधीर विश्वास को पराजित किया। इसके अलावा संयुक्त सचिव के लिए हुए चुनाव में राजीव बधान ने दिवाकर सिंह को पराजित किया। अजयनाथ शाहदेव पहले ही निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित हो चुके थे। अजय शाहदेव पहले से जेएससीए के उपाध्यक्ष व मीडिया मैनेजर भी हैं।

जेएससीए चुनाव में रविवार की सुबह 9 बजे से वोट डाले गए। 740 में 672 सदस्यों ने मताधिकार का उपयोग किया। यह अब तक का रिकॉर्ड है। पिछले चुनाव में यहां 596 वोट डाले गए थे। जेएससीए में कुल 740 सदस्यों में से दोपहर एक बजे तक जेएससीए चुनाव में 600 से अधिक वोट डाले जा चुके थे। जमशेदपुर से लगभग 230 और रांची से 170 सदस्यों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

अजयनाथ शाहदेव पहले ही निर्विरोध बने थे उपाध्यक्ष

झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार अजयनाथ शाहदेव पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। इस पद पर उनके विरोध में चुनाव मैदान में उतरे एकमात्र उम्मीदवार सुनील कुमार साहू का नामांकन स्क्रूटनी के बाद रद्द कर दिया गया था। इस मामले में उन्‍होंने झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। इस पर उच्‍च न्‍यायालय ने नोटिस जारी करते हुए जवाब तलब किया है। नामांकन रद्द किए जाने का कारण सुनील साहू का वुशु संघ के अध्यक्ष पद पर काबिज रहना था।

अमिताभ चौधरी की प्रतिष्‍ठा लगी थी दांव पर

झारखंड स्टेट क्रिकेट संघ के अध्यक्ष पद के लिए डॉ. नफीस अख्तर और अजय मारू के बीच मुकाबला था। डॉ. नफीस अख्तर जेएससीए के पूर्व अध्यक्ष अमिताभ चौधरी खेमे के उम्मीदवार हैं। ऐसे में अमिताभ चौधरी की प्रतिष्‍ठा भी दांव पर लगी थी। झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्‍यक्ष व पूर्व भाजपा सांसद रहे अजय मारू पहली बार जेएससीए के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे थे और हार गये।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *