महाराष्ट्र : भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट, ठाणे-कोंकण में स्कूल-कॉलेज बंद

0

समुद्री तटों पर मछुआरों को नहीं जाने की सलाह



मुम्बई, 19 सितम्बर (हि.स.)। बारिश और बाढ़ की विभीषिका झेल रहे महाराष्ट्र के लोगों को अब भी इससे राहत मिलती नहीं दिख रही है। मौसम विभाग ने राज्य में एक बार फिर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश के मद्दनेजर मुंबई, ठाणे और कोंकण में आज सभी स्कूल और कॉलेज बंद हैं। साथ ही समुद्री तटों पर मछुआरों को अगले कुछ दिनों तक नहीं जाने की सलाह दी गई है।

बुधवार रात में मुंबई के कई इलाकों सहित उपनगरों, नवी मुंबई, ठाणे और मुंबई महानगर के उत्तर क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। दक्षिण मुंबई में भी हल्की वर्षा हुई। लगातार बारिश के मद्दनेजर राज्य सरकार ने स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।

राज्य के मानव संसाधन विकास मंत्री आशीष शेलार ने कहा है कि भारी बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर एहतियातन मुंबई, ठाणे, कोंकण क्षेत्र के सभी स्कूलों और जूनियर कॉलेजों में आज की छुट्टी घोषित की गई है। साथ ही महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में जिला कलेक्टर को स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर निर्णय लेने के निर्देश दिए गए हैं।

भारतीय मौसम विभाग ने गुरुवार को मुंबई, रायगण, विदर्भ और कोंकण में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए रेड अलर्ट घोषित किया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग(आईएमडी) के मुताबिक देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है। इसके तहत गोवा, तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग स्थानों पर दिनभर भारी बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीपों पर अलग-अलग स्थानों पर 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

आईएमडी ने दक्षिण आंध्र प्रदेश के तमिलनाडु तमिलनाडु तटों और अंडमान सागर पर मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए मछुआरों को अगले कुछ दिनों तक समुद्री क्षेत्रों में उद्यम नहीं करने की भी सलाह दी है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *