कुंडा में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात, दुकानें बंद होने से बाजार में पसरा सन्नाटा

0

पूर्व विधायक राजा भैया के पिता को नजर बंद किया गया- मंदिर पर भंडारा करने की अनुमति न मिलने से लोगों में आक्रोश



प्रतापगढ़, 10 सितम्बर (हि.स.)। कुंडा तहसील के शेखपुर गांव में स्थित हनुमान मंदिर पर मोहर्रम के दिन पूजा पाठ और भंडारा करने की अनुमति जिला प्रशासन से न मिलने के बाद लोगों में आक्रोश है। पूर्व कैबिनेट मंत्री राजा भैया के पिता उदय प्रताप सिंह मंदिर पर भंडारा करने की ज़िद पर अड़े हैं जिसके चलते जिला प्रशासन ने मंगलवार रात 9:00 बजे तक भदरी महल में उदय प्रताप को नजरबंद कर दिया गया है।सभी दुकानें बंद होने से कुंडा में सन्नाटा पसरा हुआ है।
पूरे कुंडा क्षेत्र में मंगलवार को सुबह से ही भारी पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। दूसरे जिलों से भी पुलिस बल सुरक्षा की दृष्टि से तैनात किए गए हैं। ताजिए के रास्ते में पड़ने वाले हनुमान मंदिर पर 2015 के बाद से भंडारे का आयोजन नहीं हो सका है जबकि इसके पूर्व मंदिर पर पूजा पाठ और भंडारा होता था और ताजिए का जुलूस भी निकाला जाता था। मोहर्रम के दौरान प्रतापगढ़ जिले की कुण्डा तहसील को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
मंगलवार सुबह से ही कुंडा की सारी दुकाने बंद हैं। पूरे बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ है। मोहर्रम के दिन हनुमान मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ व भंडारा की अनुमति नहीं देने के कारण विधायक के पिता के समर्थक नाराज हैं। सोमवार को प्रशासन की कार्रवाई के बाद समर्थकों ने रात में जगह-जगह पोस्टर लगाकर मोहर्रम के दिन बंदी का ऐलान किया था। इसके बाद सुबह होते ही पूरे इलाके में बंद का असर दिखने लगा। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि जितनी ताकत प्रशासन भंडारे को रोकने में लगा रहा है अगर उतनी ताकत भंडारे और मोहर्रम दोनों को सुचारू रूप से सम्पन्न होने में भी लगा दे तो दोनों कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सकते हैं। इसके पहले भी एक बार ऐसी स्थिति बनी थी लेकिन तब तत्कालीन प्रशासन ने भण्डारा और मोहर्रम दोनों सुचारू रूप से सम्पन्न करवाया था लेकिन इस बार भंडारे पर रोक लगा दी गयी।
विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के पिता मोहर्रम के दिन ही हनुमान चालीसा का पाठ और भंडारा करवाना चाहते थे लेकिन प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर उन्हें अनुमति नहीं दी। इसके बाद सुरक्षा और शांति व्यवस्था के मद्देनजर उन्हें मंगलवार शाम तक के लिए भदरी महल में नजरबंद कर दिया गया है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *