जेएनयू मामले में दिल्ली पुलिस की अपील खारिज करने संबंधी खबर निराधारः केजरीवाल

0

शुक्रवार को केजरीवाल ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि जेएनयू मामले में प्राधिकारी द्वारा जो फैसला लिया जाएगा, उसे न्यायलय के समक्ष पेश कर दिया जाएगा।



नई दिल्ली, 06 सितम्बर (हि.स.)। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार और अन्य के खिलाफ देशद्रोह का मामला चलाए जाने संबंधी दिल्ली पुलिस की अपील के बारे में अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है।

इस मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मीडिया में आई खबरों को निराधार बताते हुए कहा कि उनकी जानकारी में केंद्रीय गृह मंत्रालय इस बारे में निर्णय लेगा। दिल्ली सरकार की ओर से इस मामले में किसी प्रकार का कोई दखल नहीं किया जा रहा।

शुक्रवार को केजरीवाल ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि जेएनयू मामले में प्राधिकारी द्वारा जो फैसला लिया जाएगा, उसे न्यायलय के समक्ष पेश कर दिया जाएगा।

मीडिया में ऐसी खबरें आई थीं कि केजरीवाल सरकार दिल्ली पुलिस की उस अपील को खारिज करने जा रही है जिसमें कन्हैया कुमार पर देशद्रोह का मामला चलाए जाने की अनुमति मांगी गई थी।

उल्लेखनीय है कि कन्हैया कुमार और उनके साथियों पर 09 फरवरी 2016 को जेएनयू परिसर में राष्ट्रविरोधी नारे लगाने का आरोप लगा था, जिसकी जांच कर दिल्ली पुलिस ने आरोप-पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया है। न्यायालय ने इस मामले में दिल्ली पुलिस को फटकार लगाते हुए पूछा था कि राष्ट्रद्रोह के आरोपों पर दिल्ली सरकार से मंजूरी क्यों नही ली गई। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने दिल्ली सरकार से कन्हैया और अन्य के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मुकद्दमा चलाए जाने की अनुमति मांगी है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *