छत्तीसगढ़ : नक्सलियों ने भाजपा सांसद संतोष पांडेय को दी जान से मारने की धमकी

0

आरएसएस के कार्यकर्ता दादू सिंह कोरेटिया की नक्सलियों ने गोली मारकर पिछले दिनों हत्या कर दी थी।



राजनांदगांव, 05 सितम्बर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव से एक बड़ी खबर आ रही है। यहां नक्सलियों द्वारा पत्र जारी कर भाजपा सांसद संतोष पांडेय को जान से मारने की धमकी दी गई है। हालांकि यह पत्र लगभग एक महीने पहले ही संतोष पांडेय को भेजा गया था लेकिन इसका खुलासा तब हुआ जब कांकेर में आरएसएस के कार्यकर्ता दादू सिंह कोरेटिया की नक्सलियों ने गोली मारकर पिछले दिनों हत्या कर दी थी। बताया जा रहा है कि जिस तरह की धमकी भरा पत्र दादू सिंह को नक्सलियों ने भेजा था, उसी तरह का पत्र सांसद संतोष पांडेय के नाम पर भी भेजा गया है।
इस संबंध में राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद संतोष पांडेय ने गुरुवार को बताया कि उन्हें लगभग एक माह पहले पत्र मिला था, जिसमें संघ प्रचारक प्रमुख और मेरे नाम से विद्वेशपूर्ण असंसदीय भाषा का उपयोग किया गया। पत्र में कहा गया है कि वनवासी-आदिवासी क्षेत्रों में काम करना बंद करो, नहीं तो अंजाम भुगतना पड़ेगा। जिसकी जानकारी मैंने पत्र के माध्यम से अपने अधिकारियों और संघ प्रचारक प्रमुख को दे दी है।
इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नक्सल सेल प्रभारी गोरखनाथ बघेल का कहना है कि नक्सलियों द्वारा सांसद संतोष पांडेय को पत्र लिखा गया है वह मेरी जानकारी में नहीं है और ना ही सांसद संतोष पांडे द्वारा किसी भी पत्र की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई है। यदि जानकारी आती तो उक्त पत्र की छानबीन कराई जाती। अभी हाल ही में कुछ शरारती तत्वों द्वारा बैनर-पोस्टर लगाकर अफवाह फैलाने का काम किया जा रहा था, जिसका पर्दाफाश किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *