गैर सब्सिडी वाला एलपीजी सिलेंडर 15.5 रुपये हुआ मंहगा, एटीएफ एक फीसदी सस्‍ता

0

अंतरराष्ट्रीय बाजार में मंदी की वजह से एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ)  एक फीसदी सस्ता हो गया है।



नई दिल्‍ली, 01 सितम्बर (हि.स.)। महीने के पहले ही दिन सरकारी तेल और गैस विपणन कंपनियों ने गैर सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर (एलपीजी) की कीमतों में 15.5 रुपये प्रति सिलेंडर (14.2 किलो) की बढ़ोतरी की है।
कंपनियों द्वारा रविवार को जारी एक नोटिफिकेशन के मुताबिक गैर सब्सिडी वाला सिलेंडर, जो अब तक राजधानी दिल्ली में 574.5 रुपये में मिलता था, अब उसकी कीमत बढ़कर 590 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है। कोलकाता में ये 616.50 रुपये प्रति सिलेंडर और मुंबई में 562 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई हैं। साथ ही चेन्नई में नॉन सब्सिडी वाला सिलेंडर 606.50 रुपये प्रति सिलेंडर हो गया है।
उधर, अंतरराष्ट्रीय बाजार में मंदी की वजह से एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ)  एक फीसदी सस्ता हो गया है। तेल कंपनियों की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार राजधानी दिल्‍ली में एटीएफ की कीमत में 596.62  रुपये प्रति किलोलीटर की कटौती की गई है। इस कटौती के बाद एटीएफ की कीमतें 62,698.86 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई हैं।
ये लगातार तीसरा महीना है जब एटीएफ की कीमतों में कटौती दर्ज की गई है। पिछले महीने एटीएफ की कीमतों में 5.8 फीसदी यानी 3806.44 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *