प. बंगाल : भाजपा सांसद अर्जुन सिंह लाठीचार्ज में हुए घायल

0

रविवार सुबह श्यामनगर इलाके में भाजपा के दफ्तर पर तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ता कब्जा कर रहे थे। इसको लेकर भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर संघर्ष हुआ। सूचना मिलने पर अर्जुन सिंह भी मौके पर पहुंचे, लेकिन उनकी गाड़ी को घेर कर तोड़फोड़ की गई।



कोलकाता, 01 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के बैरकपुर से भाजपा के सांसद अर्जुन सिंह रविवार को पुलिस लाठीचार्ज में घायल हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि बैरकपुर के पुलिस कमिश्नर मनोज वर्मा ने खुद लाठी लेकर उनके सिर पर हमला किया। वर्मा उन पर हमला करते हुए गालियां भी दे रहे थे।
दरअसल रविवार सुबह श्यामनगर इलाके में भाजपा के दफ्तर पर तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ता कब्जा कर रहे थे। इसको लेकर भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर संघर्ष हुआ। सूचना मिलने पर अर्जुन सिंह भी मौके पर पहुंचे, लेकिन उनकी गाड़ी को घेर कर तोड़फोड़ की गई।
आरोप है कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने वाहनों के साथ तोड़फोड़ भी की। अर्जुन सिंह पर जानलेवा हमला किया गया। केंद्रीय बालों की सुरक्षा होने की वजह से वह बाल-बाल बच गए। उसके बाद इस घटना के खिलाफ पूरे क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क यातायात जाम कर दिया। विरोध प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को हटाने पहुंची पुलिस ने बातचीत करने के बजाय बल प्रयोग करना शुरू कर दिया था। लाठीचार्ज किया गया और पुलिस ने लाठियां चटकाने में मीडियाकर्मियों को भी नहीं बख्शा। कई पत्रकार, छायाकार और अन्य मीडियाकर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं। जिस समय पुलिस लाठीचार्ज कर रही थी उसी समय अर्जुन सिंह भी मौके पर मौजूद थे।
पुलिस आयुक्त वर्मा ने खुद लाठीचार्ज करने का निर्देश दिया। अर्जुन सिंह ने दावा किया है कि पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा भी लाठीचार्ज कर रहे थे। उसी लाठी से उनके सिर में चोट लगी है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *