गुरुग्राम : कांग्रेस नेता कुलदीप बिश्नोई की 150 करोड़ की संपत्ति जब्त

0

गुरुग्राम के सिकंदरपुर में है कुलदीप बिश्नोई का होटल ‘द ब्रिस्टल’



गुरुग्राम, 27 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के पुत्र एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुलदीप बिश्नोई की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। कुछ दिनों पूर्व हिसार में उनके निवास पर हुई आयकर विभाग की छापेमारी के बाद अब गुरुग्राम स्थित उनके होटल ‘द ब्रिस्टल’ पर बड़ी कार्रवाई हुई है। आयकर विभाग ने यहां पर उनकी 150 करोड़ की बेनामी संपत्ति को जब्त किया है। जांच अधिकारियों के मुताबिक विभाग की दिल्ली बेनामी निषेध इकाई ने होटल सम्पत्ति को जब्त करने के आदेश जारी किए थे।
मंगलवार सुबह सिकंदरपुर स्थित द ब्रिस्टल होटल में पहुंची आयकर विभाग की टीम ने स्टाफ से होटल के सारे रिकॉर्ड मंगाए और उन्हें कब्जे में ले लिया। पहले से इनपुट होने के चलते आज आयकर विभाग की टीम अपना काम शुरू किया। आयकर विभाग के अधिकारिक सूत्रों के अनुसार बेनामी संपत्ति लेनदेन (निषेध) अधिनियम 1988 की धारा 24(3) के तहत कार्रवाई की गई।
इससे पहले चोरी के आरोपों के बीच कुलदीप बिश्नोई और उनके परिवार के खिलाफ आयकर विभाग की कार्रवाई इसी साल जुलाई में शुरू की गई थी। उनके हिसार स्थित निवास समेत दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में 13 ठिकानों पर छापेमारी की गई। अब तक की छापेमारी में आयकर विभाग को 200 करोड़ रुपये की अघोषित विदेशी संपत्ति और कर चोरी के पुख्ता सबूत मिले थे। आयकर विभाग की यह छापेमारी 77 घंटे 45 मिनट तक चली थी। हिसार निवास पर छापेमारी के बाद तो आयकर विभाग की टीम कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई को पूछताछ के लिए अपने साथ दिल्ली भी ले गई थी।
विदेशों में भी पहुंचा काला धन
आयकर विभाग की ओर से बताया गया कि अब तक मिले सबूतों से यह भी खुलासा हुआ है कि अचल संपत्तियां के लेन-देन और निर्माण में व्यापक पैमाने पर अज्ञात नकद सौदे हुए हैं। साथ ही भारत में अर्जित काला धन विदेशी ट्रस्टों और विदेशों में स्थित कंपनियों के नाम पर संपत्तियां खरीदकर विदेशों में धन पहुंचाया गया। यह काले धन की श्रेणी में आता है। इन सब खुलासों के बीच कुलदीप बिश्नोई परिवार का इतनी जल्दी पीछा नहीं छूटने वाला।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *