नई दिल्ली, 24 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली के साकेत कोर्ट ने बिहार के मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह को 2 दिन की ट्रांजिट रिमांड पर बिहार पुलिस को सौंप दिया है।
शनिवार को करीब ढाई बजे दिल्ली पुलिस ने अनंत सिंह को मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट अर्चना बेनीवाल की कोर्ट में पेश किया। बिहार पुलिस ने अनंत सिंह की ट्रांजिट रिमांड की मांग की, जिसके बाद कोर्ट ने 2 दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर भेजने का आदेश दिया। कोर्ट ने कहा कि अनंत सिंह को 48 घंटे के अंदर बिहार की सक्षम अदालत में पेश किया जाए।
सुनवाई के दौरान अनंत सिंह के वकील ने कहा कि वे बीमार रहते हैं, जिनका ख्याल रखने के लिए सहायक दिया जाए। तब कोर्ट ने उनके स्वास्थ्य का ख्याल रखने का निर्देश दिया। कोर्ट के बाहर मौजूद बिहार पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक अनंत सिंह को आज ही फ्लाइट से बिहार ले जाने की कोशिश की जाएगी ताकि उन्हें कल ही बिहार की कोर्ट में पेश किया जा सके।
आज सुबह करीब 11 बजे अनंत सिंह को ट्रांजिट रिमांड पर लेने के लिए बिहार की आईपीएस अधिकारी लिपि सिंह साकेत कोर्ट पहुंचीं। इससे पहले 23 अगस्त को अनंत सिंह ने साकेत कोर्ट में समर्पण किया था। उसके बाद अनंत सिंह को तिहाड़ जेल में भेज दिया गया था।
पिछले 16 अगस्त को अनंत सिंह के घर से एके 47 और हैंड ग्रेनेड बरामद हुए थे। उसके बाद उनके खिलाफ यूएपीए के तहत केस दर्ज किया गया था। यूएपीए में संशोधन के बाद अनंत सिंह के खिलाफ पहला मामला दर्ज किया गया है।
17 अगस्त से अनंत सिंह फरार चल रहे थे। उन्होंने इस संबंध में वीडियो जारी कर कहा था कि वह पुलिस के सामने समर्पण नहीं करेंगे बल्कि कोर्ट में समर्पण करेंगे। अनंत सिंह ने तीन वीडियो जारी किए थे। पहले के वीडियो में उन्होंने आरोप लगाया कि उनके घर हथियार रखकर प्लांट किया गया और उन्हें फंसाने की साजिश रची गई।