महाराष्ट्र : भिवंडी में चार मंजिला इमारत ढही, दो की मौत, पांच घायल

0

इमारत में आठ परिवार रहता था। मलबे के नीचे दबे चार से पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि अभी कुछ और लोगों के मलबे में दबे होने की संभावना जताई गई है।



मुंबई, 24 अगस्त (हि.स.)। मुंबई उपनगर से सटे भिवंडी में शुक्रवार रात चार मंजिला इमारत ढह गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
भिवंडी के पिरानी पाडा, शांतिनगर नागांव में स्थित चार मंजिला इमारत में शुक्रवार रात करीब 11 बजे दरार पड़ी, इसकी जानकारी संबंधित प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय  मुंबई महानगर पालिका (मनपा) कर्मी, फायर ब्रिगेड और पुलिस वहां पहुंची। इमारत में रहने वाले परिवारों को निकालने का काम शुरू किया गया। बचाव कार्य चल ही रहा था कि शनिवार देरा रात करीब दो बजे इमारत गिर गई। इमारत का एक हिस्सा बचाव दल पर भी गिरा, जिसमें एक कर्मचारी फायर ब्रिगेड का और एक मनपा कर्मी घायल हो गया।
इमारत में आठ परिवार रहता था। मलबे के नीचे दबे चार से पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि अभी कुछ और लोगों के मलबे में दबे होने की संभावना जताई गई है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। घायलों को इलाज के लिए भिवंडी के इंदिरा गांधी स्मृति अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे में सिराज अहमद अन्सारी(26) और आखिब (22) की मौत हुई। अब्दुल अजीज सय्यद मुलानी (55), जावेद सलीम शेख (36), नरेन्द्र बवाने (उप क्षेत्रीय अधिकारी), देविदास वाघ(फायरमन) और एक अन्य घायल हुए हैं।
घटनास्थल पर पुलिस, एनडीआरएफ, टीडीआरएफ, मनपा कर्मचारी, आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी बचाव कार्य में जुटे हैं। बताया जाता है कि यह इमारत अनधिकृत है, जिसका निर्माण छह साल पहले हुआ था। मुन्नवर अंसारी नामक बिल्डर ने यह इमारत बनाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *