काबुल : शादी समारोह में बड़ा धमाका, 40 की मौत, 100 से अधिक घायल ,

0

इस धमाके में मरने वालों की संख्या और भी बढ़ सकती है। प्रवक्ता के मुताबिक यह धमाका काबुल के पश्चिमी इलाके में एक वेडिंग हॉल में हुआ।



काबुल, 18 अगस्त (हि.स.)। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में शनिवार देर रात एक शादी समारोह में एक भीषण बम धमाका हुआ। उसमें 40 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट से मिली।
मीडिया रिपोर्ट्स में गृह मंत्रालय की प्रवक्ता नुसरत रहीमी के हवाले से बताया गया है कि स्थानीय समयानुसार शनिवार रात 10:40 बजे शेर-ए-दुबई वेडिंग हॉल में यह धमाका हुआ। इस धमाके में मरने वालों की संख्या और भी बढ़ सकती है। प्रवक्ता के मुताबिक यह धमाका काबुल के पश्चिमी इलाके में एक वेडिंग हॉल में हुआ। यह शहर का वह हिस्सा है जहां अल्पसंख्यक हजारा समुदाय के लोग काफी संख्या में रहते हैं। धमाका के पीछे की वजह क्या थी? इसकी छानबीन की जा रही है।
घटनास्थल के पास रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि जब जोरदार धमाके की आवाज आई तब हम सोने जा रहे थे। हम समझ ही नहीं पाए कि आखिर हुआ क्या है? जब हम बाहर आए तो वेडिंग हॉल से धुआं उठते देखा। वहां लाशें बिछी हुई थीं। कई लोग घायल पड़े थे। घायल कराह रहे थे। इस बीच पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस घटना से हम लोग भी काफी दहशत और सदमे में हैं।
उल्लेखनीय है कि दस दिन पहले भी अफगानिस्तान के सुरक्षाकर्मियों को तालिबान ने अपना निशाना बनाया था। इसके लिए कार बम का इस्तेमाल हुआ था। इस धमाके में 14 लोग मारे गए थे, जबकि 145 घायल हुए थे। इस धमाके बाद  एक बार फिर राजधानी काबुल की शांति छिन गई है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *