रूपा गांगुली के बेटे को पुलिस ने किया गिरफ्तार

0

प्राथमिक तौर पर पुलिस ने दावा किया था कि आकाश मुखर्जी नशे में धुत होकर वाहन चला रहे थे। उनकी गिरफ्तारी से पहले उन्हें देर रात एमआर बांगुर अस्पताल में स्वास्थ्य जांच के लिए ले जाया गया।



कोलकाता, 16 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की राज्यसभा सांसद और पूर्व अभिनेत्री रूपा गांगुली के बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनका नाम आकाश मुखर्जी है। गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात उन्हें गिरफ्तार किया गया। आरोप था कि वह शराब के नशे में धुत होकर तेजी से वाहन चला रहे थे। उनके खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 279 यानी लापरवाही से वाहन चलाते हुए लोगों की जान खतरे में डालने की धारा, 427 यानी सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और 184 यानी सरकारी काम में बाधा देने के आरोप के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिक तौर पर पुलिस ने दावा किया था कि आकाश मुखर्जी नशे में धुत होकर वाहन चला रहे थे। उनकी गिरफ्तारी से पहले उन्हें देर रात एमआर बांगुर अस्पताल में स्वास्थ्य जांच के लिए ले जाया गया। हालांकि मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई है। बावजूद इसके पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें शुक्रवार दोपहर बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस बारे में भारतीय जनता पार्टी की ओर से कहा गया है कि पुलिस ने राजनीतिक पूर्वाग्रह की वजह से आकाश मुखर्जी को गिरफ्तार किया है। पहले पुलिस ने कहा था वह नशे में था लेकिन बाद में जब मेडिकल जांच में पता चला कि उनके खून में अल्कोहल का कोई प्रमाण नहीं मिला है तब भी उन्हें क्यों गिरफ्तार किया गया इस बारे में सवाल खड़े हो रहे हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *