कौन है वो इंस्पेक्टर, जिसकी वजह से डीसीपी विक्रम कपूर ने की आत्महत्या

0

सुसाइड नोट बरामद, कोई इंस्पेक्टर कर रहा था ब्लैकमेल, पुलिस का टिप्पणी करने से इंकार



फरीदाबाद, 14 अगस्त (हि.स.)। अपने सरकारी आवास पर बुधवार सुबह सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने वाले डीसीपी (एनआईटी) विक्रम कपूर (59) के मौत की अंतर्कथा बरामद सुसाइड नोट में दर्ज है। भरोसेमंद सूत्रों के मुताबिक सुसाइड नोट में कपूर ने एक इंस्पेक्टर का जिक्र किया है जो उन्हें ब्लैकमेल कर रहा था। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी हुई है पर वह इस बारे में किसी भी तरह की टिप्पणी से इंकार कर रही है।
इस सुसाइड नोट के बारे में पुलिस की आधिकारिक टिप्पणी का इंतजार है। कोई भी अधिकारी सुसाइड नोट मिलने की बात से न तो इंकार कर रहा है और न ही इसकी पुष्टि कर रहा है। विक्रम कपूर मूलरूप से अंबाला के रहने वाले थे। वह हरियाणा पुलिस में सहायक उप निरीक्षक भर्ती हुए थे। विभागीय पदोन्नति से वह इस पद पर पहुंचे थे। वह करीब दो साल से फरीदाबाद में पदस्थ थे।
पुलिस के मुताबिक  बुधवार सुबह करीब 6ः00 बजे वह अपने घर के ड्राइंग रूम में सोफे पर बैठे थे। इस बीच सर्विस रिवाल्वर मुंह में डालकर ट्रिगर दबा दिया। उनकी पत्नी बाथरूम में थी।  गोली की आवाज सुनकर वह बाहर आईं और पति को खून से लथपथ देखकर बेटे अर्जुन को जगाया। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
विक्रम कपूर को अगले साल सेवानिवृत्त होना था। उनके घर पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है। सेक्टर 31 में पुलिस लाइंस के जिस आवास पर कपूर ने आत्महत्या की है, वहां की तलाशी ली जा रही है। पुलिस ने सर्विस रिवाल्वर एवं मौके पर मौजूद अन्य सामान को कब्जे में लिया है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *