बेगूसराय बना पुलिस रेंज, राजेश कुमार बनाये गए पहले डीआईजी

0

सरकार ने 2003 बैच के अधिकारी राजेश कुमार को बेगूसराय का पहला डीआईजी बनाया है।



बेगूसराय, 14 अगस्त (हि.स.)। बिहार के पुलिस विभाग में किए गए बड़े ऑपरेशन का फायदा बेगूसराय को भी मिला है। बेगूसराय और खगड़िया को मिलाकर बेगूसराय रेंज बनाया गया है। यहां अब डीआईजी कार्यालय होगा तथा लोगों को गंगा पार कर मुंगेर जाने से मुक्ति मिलेगी।
सरकार ने 2003 बैच के अधिकारी राजेश कुमार को बेगूसराय का पहला डीआईजी बनाया है। बेगूसराय में डीआईजी का पदस्थापन होने से लोगों में खुशी की लहर छा गई है। उम्मीद की जा रही है कि बेगूसराय में पुलिस विभाग के बड़े पदाधिकारी का पद सृजित होने से अपराध पर लगाम लग सकती है। संवेदनशील बेगूसराय के पहले डीआईजी के तौर पर केन्द्रीय प्रक्षेत्र पटना के पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश कुमार को बेगूसराय भेजकर सरकार ने एक कड़ा संदेश भी दिया है।
बता दें कि बिहार में पुलिस जोन समाप्त कर दिया गया है। अब सिर्फ 12 रेंज ही रहेगा। पांच महत्वपूर्ण रेंज में आईजी या डीआईजी रैंक के वरीय अधिकारी रहेंगे तथा शेष सात रेंज में डीआईजी को तैनात किया जा रहा है। मुंगेर प्रमंडल के जिला बेगूसराय और खगड़िया को मिलाकर एक नया रेंज बनने से अपराध नियंत्रण में विभाग को आसानी होगी । जबकि शेष अन्य रेंज पटना, मुंगेर, भागलपुर, दरभंगा, पूर्णिया, मगध, कोसी, शाहाबाद, तिरहुत, चंपारण एवं सारण रहेंगे ।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *