पांच साल में भारत को जितने मेडल मिले , इतना आजादी के बाद कभी नहीं मिले थे -गिरिराज

0

सब लोग अंग्रेजों के गुलाम देश के खेल क्रिकेट के दीवाने हो गए। यह बात केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शनिवार की रात बीहट में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली खिलाड़ियों को आर एन सिंह स्मृति खेल सम्मान से सम्मानित करते हुए कही।



बेगूसराय, 11अगस्त(हि.स.)। राजनीति के खेल में वैमनस्यता बढ़ती है, लेकिन असली खेल राष्ट्रीयता का भाव जगाता है। कबड्डी, वॉलीबॉल और फुटबॉल हमारा असली भारतीय खेल था। लेकिन दुनिया की साजिश से कबड्डी को वह सम्मान नहीं दिया गया। सब लोग अंग्रेजों के गुलाम देश के खेल क्रिकेट के दीवाने हो गए। यह बात केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शनिवार की रात बीहट में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली खिलाड़ियों को आर एन सिंह स्मृति खेल सम्मान से सम्मानित करते हुए कही।

जिला कबड्डी संघ एवं स्पोर्टिंग क्लब बीहट के तत्वावधान में आयोजित समारोह में बिहार महिला कबड्डी टीम की कप्तान बीहट निवासी रेमी कुमारी, कोमल कुमारी, सरिता कुमारी, उत्तम कुमार, रिया कुमारी, आरती कुमारी, प्रियंका कुमारी तथा कोच भवेश कुमार को आर एन सिंह स्मृति खेल सम्मान से सम्मानित किया गया। इस दौरान सभी खिलाडियों के माता-पिता को भी सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि बीहट, बिहार की खेल नर्सरी है और बेगूसराय के बच्चे खेल के मैदान में अपना परचम लहराने के साथ साथ आकाश में भी परचम लहरा रहे हैं। अभिभावक इसी तरह बच्चों को खेल में आगे बढ़ाते रहें। अंतरराष्ट्रीय टीम में चयन होने पर भारत सरकार में नौकरी पक्की है। सरकार खेल को प्रेरित करने के लिए हर प्रयास कर रही है। बीते पांच साल में जितना मेडल भारत आया है, इतना आजादी के बाद कभी नहीं मिला था। बिहार में नीतीश की सरकार बनते ही सब जगह स्टेडियम बनना शुरू हो गया। लेकिन सिर्फ स्टेडियम से नहीं होगा, उसके लिए राष्ट्रीय भावना जगानी होगी।
उन्होंने  कहा कि हमारी बेटी भी राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय पर कबड्डी खेले इसके लिए संसाधन की कमी नहीं होगी। पैसा केंद्र सरकार दे या बिहार सरकार दे, गिराराज सिंह लेकर आएगा। हम मैट समेत सभी संसाधन की मिल जुलकर व्यवस्था करेंगे। यहां लोग बच्चे को डॉक्टर, इंजीनियर बनाने की कोचिंग करवाते हैं। लेकिन हरियाणा के लोग खेल के क्षेत्र में बेटा-बेटी को आगे बढ़ाने के लिए लाखों खर्च करते हैं। समय बदलाव का चल रहा है और हमें भी बदलना होगा।
समारोह की अध्यक्षता नप बीहट के पूर्व मुख्य पार्षद राजेश कुमार टूना, स्वागत भाषण जिला कबड्डी संघ के सचिव श्याम नंदन सिंह पन्नालाल , बिहार राज्य कबड्डी संघ के सचिव कुमार विजय, बरौनी डेयरी के एमडी आर सी मिश्रा, एचएफसी केबी के प्राचार्य नेत्र सिंह, वाणिज्य प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज कुमार, पूर्व मेयर संजय कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, विनय हुंडई के निदेशक विनय सिंह एवं खेल संघ के मृत्युंजय कुमार वीरेश ने भी समारोह को संबोधित किया।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *