रूस में रॉकेट परीक्षण के दौरान धमाका, पांच वैज्ञानिकों की मौत

0

रूसी सरकार के अधिकारी ने धमाके के बाद बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि सेवेरोद्विंस्क शहर में रेडिएशन का स्तर सामान्य से 20 गुना ऊपर पहुंच गया है। हालांकि ऐसा दावा किया जा रहा है कि स्थिति को 40 मिनट बाद सामान्य कर लिया गया।

मॉस्को, 10 अगस्त (हि.स.)। रूस के न्योनोस्का में रॉकेट टेस्ट के दैरान हुए भीषण धमाके में पांच वैज्ञानिकों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग घायल हो गए। यह वाकया गुरुवार का है। इस हादसे के बाद न्योनोस्का से 47 किलोमीटर दूर सेवेरोद्विंस्क शहर में रेडिएशन फैल गया है।

रूसी सरकार के अधिकारी ने धमाके के बाद बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि सेवेरोद्विंस्क शहर में रेडिएशन का स्तर सामान्य से 20 गुना ऊपर पहुंच गया है। हालांकि ऐसा दावा किया जा रहा है कि स्थिति को 40 मिनट बाद सामान्य कर लिया गया।

मेडिकल टीम ने केमिकल और न्यूक्लियर प्रोटेक्शन सूट पहनकर घायलों को टेस्ट साइट से बाहर निकाला। धमाका इतना तेज था कि टेस्ट साइट को काफी नुकसान हुआ है।

रूसी न्यूकलियर कंपनी रोसातोम के अनुसार हादसा रॉकेट के लिक्विड प्रोप्रेलेंट इंजन के परीक्षण के दौरान हुआ। जिस वक्त धमाका हुआ, वैज्ञानिक आइसोटोप के जरिए प्रपुल्शन सिस्टम को चलाने की कोशिश कर रहे थे।

उल्लेखनीय है कि रूस में इस हफ्ते हुआ यह दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले सोमवार को साइबेरिया स्थित हथियारों के गोदाम में आग लगने से धमाके हुए थे। इसमे एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। राहत और बचाव अभियान के दौरान 9500 लोगों को खतरे से बाहर निकाला गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *