बिहार कबड्डी कैप्टन समेत सभी खिलाड़ियों के साथ उनके माता-पिता भी होंगे सम्मानित

0

चार अगस्त को स्पोर्टिंग क्लब, बीहट के तत्वावधान में आयोजित समारोह में केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह सब को सम्मानित करेंगे।



बेगूसराय, 28 जुलाई (हि.स.)। बिहार के खेल नर्सरी बीहट में 66वीं सीनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता एवं राष्ट्रीय सब जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता में परचम लहराने वाले खिलाड़ियों के साथ उनके माता-पिता भी सम्मानित होंगे। चार अगस्त को स्पोर्टिंग क्लब, बीहट के तत्वावधान में आयोजित समारोह में केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह सब को सम्मानित करेंगे।
कबड्डी संघ के सचिव श्यामनंदन सिंह पन्नालाल ने बताया 66वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता में बिहार ने फेडरेशन मैच में पहली बार तृतीय स्थान प्राप्त कर इतिहास रचा है। हालांकि इससे पहले नेशनल गेम्स में बिहार ने कांस्य पदक प्राप्त किया था। लेकिन फेडरेशन मैच में बेगूसराय की रेमी की कप्तानी में बिहार ने क्वाटर फाइनल मैच में टाईब्रेकर में पश्चिम बंगाल को हराकर कांस्य पदक प्राप्त किया है।
इस बार बिहार टीम में बेगूसराय की तीन खिलाड़ी रेमी, कोमल एवं सरिता शामिल थीं ।  सब जूनियर वर्ग में बालक वर्ग में उत्तम कुमार एवं बालिका वर्ग में रिया कुमारी, आरती कुमारी, प्रियंका कुमारी शामिल थीं । बिहार टीम के कोच के पद पर भी बेगूसराय के ही भवेश कुमार थे। इस शानदार उपलब्धि के लिए खिलाड़ी एवं उनके माता-पिता को भी सम्मानित किया जाएगा।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *