दरभंगा, 28 जुलाई (हि.स.)। दरभंगा समस्तीपुर रेल खंड पर बाढ़ के पानी के बढ़ते दबाब के कारण रेल का परिचालन बंद कर दिया गया है। हायाघाट रेल पुल पर करेह नदी के पानी का दवाब बढ़ने के कारण रविवार से अगले आदेश तक परिचालन बन्द किया गया है। इसकी पुष्टि आरपीएफ दरभंगा पोस्ट ने भी किया है।
उल्लेखनीय है कि राज्य की नदियों में बढ़ते जल स्तर के कारण दरभंगा-समस्तीपुर के बीच ट्रेन सेवाओं को आज से अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। दरभंगा-समस्तीपुर रेल खंड में हायाघाट स्टेशन के पास पुल नंबर -16 पर जल स्तर और ऊंचा बढ़ रहा है। इस कारण सुरक्षा के मद्देनजर एहतियातन इस खंड में ट्रेन संचालन को निलंबित कर दिया गया है। समस्तीपुर-दरभंगा के बीच दो पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है , वहीं जयनगर-पटना इंटरसिटी को दरभंगा में समाप्त किया जाएगा। स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। सहायक अभियंता स्थल पर हैं और समस्तीपुर मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।
