बेगूसराय, 27 जुलाई (हि.स.)। श्रीराम जानकी फिल्म्स के बैनर तले बनी फिल्म लव यू दुल्हिन छह सितम्बर को रिलीज हो जा रही है। इस फिल्म में 2008 में हुए कोसी से कुसहा की बाढ़ त्रासदी के भयावह रूप को दिखाया गया है। मिथिला में बनी यह फिल्म एक ओर मैथिली पर एकाधिकार को समाप्त करने की कोशिश कर रही है तो वहीं शराबबंदी, शौचालय आदि पर व्यंग कर सरकार को आइना दिखा रही है।
निदेशक मनोज श्रीपति ने फिल्म के कथानक को बेहतरीन ढंग से प्रस्तुत किया है। मंत्री की भूमिका में जदयू जिलाध्यक्ष भूमिपाल राय, पत्रकार की भूमिका में प्रभाकर राय ने गजब की एक्टिंग की है। कैमरामैन अजीत दास ने सुकुमार मणि संकलित कहानी को अमिय कश्यप के साथ अभिनेत्री प्रतिभा पांडे एवं अनुश्री के एक्टिंग को लयबद्ध करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। संगीतकार धनंजय मिश्रा, गीतकार सुधीर कुमार, विक्की झा, प्रकाश चंद्र एवं मनोज तथा गायिका कल्पना, इंदु सोनाली, विकास, आलोक एवं प्रियंका सिंह ने ‘चुनमुनियां तोहर चुनरी बवाल लागैय छौ’ एवं ‘बदनाम गली की एक कली आई जो शरीफों की बस्ती’ समेत आठ गानों का गजब संयोजन किया है।
दो घंटा दस मिनट के इस फिल्म की 70 प्रतिशत शूटिंग बेगूसराय जिला के सिमरिया घाट, बखरी एवं बेगूसराय शहर मुख्यालय के विभिन्न लोकेशन में पूरी की गई है, जबकि 30 प्रतिशत चिल्का झील (ओडिशा) में शूट किया गया है। फिल्म को सेंसर बोर्ड ने यू/ए सर्टिफिकेट दिया है। श्रीराम जानकी फिल्म्स के निदेशक विष्णु पाठक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी रजनीकांत पाठक का कहना है कि फिल्म तो बहुत बना है लेकिन यह फिल्म एक संदेश देती है। मैथिली संविधान की भाषा है लेकिन यह मिथिला तक ही सिमट कर रह गई है, इस फिल्म के जरिए उस एकाधिकार को समाप्त करने का प्रयास किया गया है।
