मात्र 30 रुपये में गंगोत्री के जल से करें भोले शंकर का अभिषेक

0

पूर्वी क्षेत्र बिहार के 156 डाकघरों में बिक रहा गंगोत्री का गंगा जल डाकघरों के माध्यम से मात्र 30 में लोगों को गंगोत्री का गंगाजल उपलब्ध कराया जा रहा है।



बेगूसराय, 27 जुलाई (हि.स.)। बाबा भोले शंकर की भक्ति का पावन माह सावन चल रहा है। सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर प्रशासनिक स्तर पर हर प्रकार की तैयारियां हो चुकी हैं। इस वर्ष कई शुभ संयोग बनेंगे, जिसमें मनुष्य की सभी मनोकामनाएं पूरी होगी। ऐसे में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में उमड़ रही है।
इस पावन महीने में हर कोई चाहता है कि वो गंगाजल से भोले शंकर का जलाभिषेक करे, इस कारण तमाम गंगा घाटों पर भक्तों की भीड़ रहती है। बहुतों की इच्छा रहती है कि वो भोले शंकर का जलाभिषेक गंगोत्री के जल से करें लेकिन सभी के लिए यह सुलभ नहीं होता। ऐसे में शिवभक्तों की भावनाओं को समझते हुए भारत सरकार एक पहल शुरू की है।इसके तहत डाकघरों के माध्यम से मात्र 30 में लोगों को गंगोत्री का गंगाजल उपलब्ध कराया जा रहा है। बड़े पैमाने पर डाक विभाग ने गंगोत्री के जल का 250 एमएल वाला पैकेट डाकघरों को उपलब्ध कराया है, जहां से शिव भक्त गंगोत्री के गंगाजल को प्राप्त कर सकते हैं।
पूर्वी क्षेत्र बिहार के पोस्टमास्टर जनरल अनिल कुमार ने बताया कि डाकघरों में अब चिट्ठी बांटने, खातों में जमा-निकासी के साथ ही कई तरह की सामाजिक परंपराओं को जीवंत रखने के लिए योजनाएं चल रही हैं। इसके तहत सावन पर श्रद्धालुओं को यहां गंगा जल भी मुहैया कराया जा रहा है। बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर एवं भागलपुर में 156 डाकघर में यह जल उपलब्ध है। मिथिलांचल के पावन शिवालय बाबा हरिगिरी धाम,गढ़पुरा के डाकघर में गंगोत्री के इस शुद्ध गंगाजल की विशेष व्यवस्था की गई है। डाकघरों से गंगाजल खरीदकर भक्तगण हरिगिरिधाम गढ़पुरा और आसपास के शिवालय में ही नहीं देवघर, बासुकिनाथ, काशी विश्वनाथ, अशोकधाम आदि जगहों पर भी जलार्पण कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान इस सेवा को शुरू किया गया था। इसके तहत देश के सभी डाकघरों पर गंगाजल उपलब्ध होगा और डाक विभाग गंगाजल को घरों तक भी पहुंचाने की व्यवस्था की गई थी। उस समय आस्था से जुड़े गंगाजल को लोगों तक पहुंचाने के लिए डाक विभाग ने प्रमुख डाकघरों पर ऋषिकेश का गंगाजल उपलब्ध कराया था लेकिन इस बार गंगोत्री का गंगाजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *