कारगिल विजय दिवस पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने सैनिकों को दी श्रद्धांजलि

0

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट संदेश में कहा, ‘कारगिल विजय दिवस’, हमारे कृतज्ञ राष्ट्र के लिए 1999 में कारगिल की चोटियों पर अपने सशस्त्र बलों की वीरता का स्मरण करने का दिन है।



नई दिल्ली, 26 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कारगिल विजय दिवस की 20वीं वर्षगांठ पर युद्ध में शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट संदेश में कहा, ‘कारगिल विजय दिवस’, हमारे कृतज्ञ राष्ट्र के लिए 1999 में कारगिल की चोटियों पर अपने सशस्त्र बलों की वीरता का स्मरण करने का दिन है। हम इस अवसर पर, भारत की रक्षा करने वाले योद्धाओं के धैर्य व शौर्य को नमन करते हैं। हम सभी शहीदों के प्रति आजीवन ऋणी रहेंगे। जय हिन्द!
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस मौके पर बहादुर सैनिकों को नमन करते हुए युद्ध के दौरान की अपनी यात्रा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। तस्वीरों में वह सैनिकों के साथ दिखाई दे रहे हैं। उस समय वह जम्मू और कश्मीर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए काम कर रहे थे।
मोदी ने ट्वीट संदेश संदेश में लिखा, 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान, मुझे कारगिल जाने और अपने बहादुर सैनिकों के साथ एकजुटता दिखाने का अवसर मिला। यह वह समय था जब मैं जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में अपनी पार्टी के लिए काम कर रहा था। उन्होंने कहा कि कारगिल की यात्रा और सैनिकों के साथ बातचीत अविस्मरणीय है।
पीएम मोदी ने एक अन्य संदेश में लिखा, कारगिल विजय दिवस पर मां भारती के सभी वीर सपूतों का मैं हृदय से वंदन करता हूं। यह दिवस हमें अपने सैनिकों के साहस, शौर्य और समर्पण की याद दिलाता है। इस अवसर पर उन पराक्रमी योद्धाओं को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। जय हिंद!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *