कोलकाता, 26 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता भी अब तृणमूल और भाजपा कर्मियों के संघर्ष का अखाड़ा बन गया है। गुरुवार रात रीजेंट पार्क थाना इलाके में दोनों ही पार्टियों के समर्थकों के बीच जमकर संघर्ष हुआ है। आरोप है कि सदस्यता अभियान में शामिल भारतीय जनता युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं पर तृणमूल के लोगों ने पहले हमला किया, जिसके बाद भाजपा की ओर से भी क्षेत्र में मौजूद तृणमूल के एक दफ्तर में कथित तौर पर तोड़फोड़ की गई है। घटना को केंद्र कर शुक्रवार सुबह तक पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है। संभावित संघर्ष को टालने के लिए अतिरिक्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
बताया गया है कि रीजेंट पार्क थाना इलाके के शांति नगर क्षेत्र में गुरुवार रात भारतीय जनता पार्टी की ओर से सदस्यता अभियान चलाया जा रहा था। इसमें भाजपा युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के नेता और कार्यकर्ता शामिल थे। उसी समय स्थानीय काउंसलर मिताली बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कार्यकर्ताओं ने सदस्यता अभियान में शामिल लोगों पर हमला कर दिया। इसमें भाजपा के कई लोग घायल हो गए, जिन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलने पर अतिरिक्त संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता एकत्रित हो गए और इलाके में मौजूद तृणमूल के एक दफ्तर में कथित तौर पर तोड़फोड़ की। दोनों पक्षों की ओर से थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। घटना में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
