नई दिल्ली, 25 जुलाई (हि.स.)। अग्रणी भारतीय शैक्षिक प्रौद्योगिकी और ऑनलाइन ट्यूटोरियल बाईजूस भारतीय क्रिकेट टीम का नया आधिकारिक प्रायोजक होगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुरुवार को उक्त जानकारी दी। बीसीसीआई ने प्रायोजक के तौर पर बाईजूस के साथ पांच सितम्बर 2019 से 31 मार्च 2022 तक करार किया है।
बाईजूस चीनी स्मार्टफोन निर्माता ओप्पो की जगह लेगा। भारतीय टीम की जर्सी पर वेस्टइंडीज दौर तक ओप्पो का लोगो रहेगा। वेस्टइंडीज दौरा तीन अगस्त से शुरू होगा और दो सितंबर को समाप्त होगा। दक्षिण अफ्रीका 15 सितंबर से भारत का दौरा करेगी और इस श्रृंखला के साथ ही मेजबान टीम की जर्सी पर लगे ओप्पो के लोगो की जगह बाईजूस का लोगो लग जाएगा।
करार की घोषणा करते हुए बीसीसीआई सीईओ राहुल जौहरी ने कहा, “बीसीसीआई की ओर से, हम ओप्पो को भारतीय क्रिकेट के साथ साझेदारी के लिए धन्यवाद देते हैं। मैं टीम इंडिया के नए प्रायोजक बनने के लिए बाईजूस को बधाई देता हूं। बीसीसीआई और बाईजूस साथ मिलकर भारतीय क्रिकेट को आगे ले जाएगा। ”
करार पर बाईजूस के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी बाइजू रवेन्द्रन ने कहा, “हमें भारतीय टीम के प्रायोजक होने पर गर्व है। क्रिकेट सभी भारतीयों के दिल की धड़कन है और हम अपनी बहुचर्चित टीम का एक अभिन्न अंग बनकर रोमांचित हैं। जिस तरह क्रिकेट भारत में एक अरब नवोदित सपनों को प्रेरित करता है, हम भी एक सीखने वाली कंपनी के रूप में हर बच्चे के दिल में सीखने के प्यार को प्रेरित करने की उम्मीद करते हैं। “
उल्लेखनीय है कि मार्च 2017 में ओपो ने 1079 करोड़ रुपये में पांच साल के लिए (मार्च 2022 तक) भारतीय टीम के प्रायोजक का अधिकार हासिल किया था। एक रिपोर्ट के अनुसार कम्पनी ने इस सौदे से अपने हाथ खींच लिए हैं क्योंकि उसका मानना है सौदे की कीमत बहुत ही अधिक है और वो इसे जारी नहीं रख सकते।
