कर्नाटक संकट पर बोले शिवकुमार, पार्टी व साथियों के लिए जेल जाने को तैयार

0

प्रतिबद्धता के चलते हमने जेडीएस को समर्थन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बागी विधायकों के राजनीतिक भविष्य को बर्बाद कर दिया है।



बेंगलुरु, 23 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने कहा कि भाजपा नेता बसनगौड़ा पाटिल यत्नाल ने उनपर निराधार आरोप लगाए हैं, जिसे लेकर वे आहत हैं। उन्होंने विधानसभा में चर्चा के दौरान कहा कि वह पार्टी और अपने दोस्तों के लिए जेल जाने को तैयार हैं। प्रतिबद्धता के चलते हमने जेडीएस को समर्थन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बागी विधायकों के राजनीतिक भविष्य को बर्बाद कर दिया है।
उनका कहना था कि राजनीति में कुछ भी स्थायी नहीं है, यहां कुछ भी हो सकता है। बागी विधायक भाजपा को छोड़ देंगे, जैसा उन्होंने हमारे साथ किया है। राज्य भाजपा प्रमुख बीएस येदियुरप्पा के साहस और इच्छाशक्ति की सराहना की जानी चाहिए क्योंकि उन्होंने 7 बार ‘ऑपरेशन कमल’ का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि बागियों ने मुझे बताया कि उन्हें मंत्री बनाया जाएगा। मैंने बागी विधायकों को चेतावनी दी कि भाजपा उन्हें धोखा दे रही है। मैंने कई बहसें देखी हैं लेकिन अब हमें एक बुरे फ्रेम में दिखाया जा रहा है। हमें अपनी विचारधारा पर टिके रहना चाहिए। मीडिया हमें जोकर की तरह चित्रित करता है। हम अब सम्मान के साथ नहीं चल सकते। मैं यह भी नहीं कह सकता कि मैं एक राजनीतिज्ञ हूं।
चर्चा के दौरान कांग्रेस नेता कृष्णा बैरेगौड़ा ने साफ कहा कि बागी विधायक अभी भी उनकी पार्टी का हिस्सा हैं। भाजपा नेता जगदीश शेट्टर ने कहा कि डीके शिवकुमार सदन को गुमराह कर रहे हैं। पूर्व सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि डीके शिवकुमार नहीं बल्कि भाजपा ने सदन को गुमराह किया है। शिवकुमार बागी विधायकों को सिर्फ अपनी गलतियां को सुधारने और भाजपा के जाल में नहीं फंसने की दलील दे रहे हैं। आज बागी विधायकों के वकीलों ने कर्नाटक विधानसभा के स्पीकर रमेश कुमार से विधान सौधा में उनके कक्ष में मुलाकात की।
वहीं, कांग्रेस पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल भी स्पीकर से मिला। सोमवार आधी रात तक चले नाटक के बाद अध्यक्ष केआर रमेश कुमार ने सदन को मंगलवार सुबह 10 बजे तक स्थगित कर कहा था कि मंगलवार शाम 6 बजे तक फ्लोर टेस्ट पूरा कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *